अजमेर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत रविवार को गांधी जयंती के अवसर पर शुरू हुए शहरी स्वच्छता अभियान के दौरान अजमेर के कई स्थानों पर सफाई की गई। इस दौरान शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि सफाई कर्मचारी सफाई सेवक हैं। सफाई अभियान में सहयोग कर हम अपनी और समाज की सेवा कर रहे हैं। इसलिए एक मायने में सेवक हैं। स्वच्छता समस्त नागरिकों की साझी जिम्मेदारी है। देश के 500 शहरों में एक माह तक चलने वाले सफाई अभियान को एक प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम व जिला प्रशासन के सम्मिलित प्रयासों से अजमेर देश के दस सर्वाधिक स्वच्छ नगरों की श्रेणी में शामिल होगा।