Advertisement
प्राग ज्योतिषपुर महोत्सव : साहित्य, इतिहास और संस्कृति पर मंथन

इन आयोजनों के माध्यम से उभरते लेखकों को विद्यार्थियों, विद्वानों, साहित्यकारों, पुस्तक प्रेमियों और साहित्य के प्रति उत्साही लोगों के सामने अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला। गुवाहाटी विश्वविद्यालय के फणीधर दत्ता सभागार में आयोजित समापन समारोह में कार्बी आंगलोंग के साहित्यकार सिर-एत हांसे को वर्ष 2026 का ‘प्रागज्योतिषपुर साहित्य बोटा’ और उभरते लेखक अंकुर रंजन फुकन को ‘प्रागज्योतिषपुर युवा साहित्य पुरस्कार’ प्रदान किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए नागालैंड के उच्च शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री तेमजेन इमना अलोंग ने इस प्रतिष्ठित वार्षिक साहित्य महोत्सव के आयोजकों की सराहना की।
उन्होंने पूर्वोत्तर की साहित्यिक परंपराओं और प्राचीन प्रागज्योतिष की सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर विशेष जोर दिया। पूर्वी भारत के प्रमुख राजनेताओं में शुमार तेमजेन ने असम के शिक्षाविदों और विशेष रूप से गुवाहाटी विश्वविद्यालय से नागामीज़ भाषा के लिए एक उपयुक्त लिपि विकसित करने में सहयोग देने की अपील की। नागामीज़ नागालैंड की 17 प्रमुख मान्यता प्राप्त जनजातियों के बीच बोली जाने वाली संपर्क भाषा है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय और लोकप्रिय राजनेता तेमजेन ने बताया कि कुछ दशक पहले तक नागा समुदाय भी असम के ही व्यापक सामाजिक और भौगोलिक दायरे का हिस्सा था। उन्होंने असम के बुद्धिजीवी वर्ग से सार्थक योगदान की अपेक्षा जताई, ताकि नागालैंड की प्रमुख संपर्क भाषा नागामीज़ के लिए एक स्वदेशी लिपि विकसित की जा सके। नागामीज़ का मूल आधार मुख्य रूप से असमिया भाषा से जुड़ा है, हालांकि इसमें कई अतिरिक्त शब्दों और वाक्यांशों का भी समावेश हुआ है। इसके अलावा स्थानीय भाषाओं के साथ हिंदी, बंगाली, नेपाली और अंग्रेजी का प्रभाव भी इसमें देखा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि अपनी स्वतंत्र स्वदेशी लेखन प्रणाली नहीं होने के कारण नागामीज़ के लेखन और लिप्यंतरण के लिए फिलहाल मुख्य रूप से लैटिन अथवा रोमन लिपि का इस्तेमाल किया जाता है। तेमजेन की इस अपील पर गुवाहाटी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. उत्पल शर्मा ने आश्वासन दिया कि मंत्री की इस इच्छा को पूरी गंभीरता के साथ संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। इस अवसर पर प्रख्यात असमिया नाटककार डॉ. पोना महंत, वरिष्ठ पत्रकार कौशिक डेका और महोत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष सौम्यदीप दत्ता भी उपस्थित थे।
डॉ. महंत और डेका, दोनों ने ही मातृभाषाओं को रोजमर्रा के जीवन में अपनाने और उनके इस्तेमाल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह अगली पीढ़ी के लिए भाषाई विरासत को संरक्षित किया जा सकता है। चित्रकला प्रतियोगिता और साहित्यिक कार्यशालाओं में भाग लेने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र और पदक प्रदान किए गए। इसी दौरान सौम्यदीप दत्ता की पुस्तक ‘अमर प्राचीन देशर नाम कामरूप’ का विमोचन भी किया गया।
13 नवंबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में गुवाहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नोनी गोपाल महंत ने मुख्य भाषण दिया। उन्होंने श्रीमंत शंकरदेव के समय से लेकर वर्तमान दौर तक भारतीयता के संदर्भ में असमिया पहचान की विशिष्टता पर विस्तार से विचार रखे। नागालैंड विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. समुद्र गुप्ता कश्यप ने ऐसी ऐतिहासिक घटनाओं और व्यक्तित्वों का उल्लेख किया, जिन्हें फिर से याद करने और नए सिरे से समझने की आवश्यकता है। डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कंदर्प कुमार डेका ने ‘प्रगज्योति’ नामक स्मारिका का विमोचन किया, जिसका संपादन हेमचंद्र डोले ने किया है।
इस अवसर पर प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. देवब्रत खानिकर भी मौजूद थे। अपने संबोधन में महोत्सव के अधिकारी सौम्यदीप दत्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रसिद्ध राष्ट्रवादी समाजसेवी बसिष्ठ बुजरबरुआ की रचना देशभक्ति कविता ‘अप्रतिरौध्य मोर यात्रा’ का पाठ भी किया। उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद भारतीय इतिहास के अध्ययन के महत्व पर एक परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें डॉ. समुद्र गुप्ता कश्यप, प्रोफेसर रीतमणि वैश्य, डॉ. अंकिता दत्ता और डॉ. भास्करज्योति शर्मा ने वक्ता के रूप में भाग लिया।
अगले दिन साहित्य और आख्यान पर आयोजित दूसरे सत्र में इतिहासकार गजेंद्र अधिकारी, प्रोफेसर नंदिता सैकिया, मीडिया स्तंभकार देविका दत्ता और युवा लेखक नबरुन बरुआ शामिल हुए। असमिया साहित्य की प्रतिष्ठित लेखिका मामोनी रायसोम गोस्वामी (डॉ. इंदिरा गोस्वामी) की साहित्यिक कृतियों पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। उन्हें साहित्य अकादमी और ज्ञानपीठ सहित अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।
इस सत्र में लोकप्रिय असमिया उपन्यासकार मणिकुंतला भट्टाचार्य, साहित्य समीक्षक डॉ. प्रांजल शर्मा बसिष्ठ, शिक्षाविद् डॉ. स्मृतिरेखा भुइयां और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर धूर्जति शर्मा ने भाग लिया। असमिया संगीत, सिनेमा और रंगमंच की तीन महान विभूतियों—ज्योति प्रसाद अग्रवाल, विष्णु प्रसाद राभा और फणी शर्मा—के योगदान पर भी एक रोचक परिचर्चा हुई। इसमें तेजपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय अभिनेता एवं विधायक पृथ्वीराज राभा ने लेखक नयनज्योति भट्टाचार्य के साथ संवाद किया।
वन्यजीव संरक्षणवादी के रूप में पहचाने जाने वाले सौम्यदीप दत्ता ने प्रकृति संरक्षण की भारतीय परंपरा पर आयोजित एक सत्र का संचालन किया। इसमें पुरस्कार विजेता अनुवादक दिगंत बिस्वा सरमा, एबीआईएलएसी (ABILAC) के निदेशक डॉ. जोगेश काकाती और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर कुलदीप शर्मा ने वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। भारतीय सिनेमा पर आयोजित एक अन्य सत्र में पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता झुलन कृष्ण महंत और गुवाहाटी विश्वविद्यालय की प्रोफेसर भारती भराली ने अपने विचार रखे।
आयोजकों की ओर से महोत्सव के सचिव बिक्रम कलिता, सुनील मोहंती, किशोर शिवम और डॉ. हिराकज्योति सरमा ने उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस बौद्धिक यात्रा को सफल बनाने में सहयोग दिया। इस आयोजन का उद्देश्य आधुनिक असम की प्राचीन ऐतिहासिक पहचान ‘प्रागज्योतिष’ की जड़ों की तलाश करना और उसकी सांस्कृतिक विरासत को नए सिरे से समझने का अवसर उपलब्ध कराना था।
(लेखक पूर्वी भारत के स्वतंत्र पत्रकार)
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


