29th Police Operation Against Illegal Bangladeshi Nationals in Ajmer; 35-Year-Old Man Detained in Dargah Area-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अजमेर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की 29वीं कार्रवाई, दरगाह क्षेत्र से 35 वर्षीय युवक दस्तयाब

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 8:24 PM (IST)
अजमेर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस की 29वीं कार्रवाई, दरगाह क्षेत्र से 35 वर्षीय युवक दस्तयाब
-2011 में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकारी, अजमेर पुलिस अब तक 67 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को कर चुकी है दस्तयाब

अजमेर।
राजस्थान में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजमेर जिला पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने सोमवार को दरगाह क्षेत्र से 35 वर्षीय एक संदिग्ध युवक को दस्तयाब किया। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए वर्ष 2011 में अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है। इस कार्रवाई के साथ अजमेर पुलिस अब तक 67 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब कर चुकी है। अभियान के तहत यह पुलिस की 29वीं कार्रवाई है।
पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा और अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस और सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम गठित की गई है।
दरगाह क्षेत्र के कई इलाकों में चलाया तलाशी अभियान
पुलिस टीम ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं, तकनीकी संसाधनों और अन्य जानकारियों के आधार पर दरगाह क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में तलाश अभियान चलाया। इसमें दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर तारागढ़, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा और लाखन कोटड़ी सहित अन्य संभावित स्थान शामिल रहे।
इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को डिटेन कर पूछताछ की। उसने अपना नाम जाहिदुल उर्फ जाहिद (35) पुत्र मोहम्मद रूबिजलहक बताया। पूछताछ में उसने अपना मूल निवास बांग्लादेश के जमालपुर जिले के धवनगंज थाना क्षेत्र स्थित बोयरापारा गांव बताया। इसके बाद दरगाह थाना पुलिस और सीआईडी जोन की टीम उसे थाने लेकर आई, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
बेनापोल बॉर्डर से भारत आने की बताई कहानी
प्रारंभिक पूछताछ में जाहिदुल ने बताया कि उसने वर्ष 2011 में बांग्लादेश के बेनापोल बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचा और करीब छह महीने तक वहां रहा। फिर हरिद्वार में लगभग एक वर्ष तक खानाबदोश के रूप में रहा।
उसके अनुसार, वर्ष 2013-14 में वह अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचा और यहां भी खानाबदोश के रूप में जीवनयापन करने लगा। इस दौरान वह बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और गुजरात सहित कई स्थानों पर भी रहा। करीब दो से तीन वर्ष तक अलग-अलग शहरों में रहने के बाद वह फिर अजमेर लौट आया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल उसके भारत में रहने, आवाजाही और अन्य संपर्कों से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विशेष टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा टीम प्रभारी और थानाधिकारी दरगाह दिनेश जीवनानी टीम सह प्रभारी के रूप में शामिल रहे। इनके साथ सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल सुमेर कुमार तथा कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह ने कार्रवाई में भाग लिया। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल मुकेश, नाथूराम और सुमेर सिंह का विशेष योगदान रहा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement