Advertisement
देश आख़िर कब जानेगा चीनी घुसपैठ का सच?

चीन पर आरोप है कि उसने एलएसी के बेहद क़रीब या विवादित क्षेत्रों में 'मॉडल विलेज' और सड़कें बना ली हैं। इसके जवाब में भारत ने भी हाल ही में चीन द्वारा दावा की जाने वाली 28 जगहों के नाम आधिकारिक तौर पर निर्धारित कर अपनी स्थिति मज़बूत की है। सिक्किम सीमा पर स्थित नाकु ला दर्रे के पास भी चीनी सैनिकों द्वारा सीमा लांघने और भारतीय सेना के साथ आमने-सामने होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। मध्य सेक्टर के उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश इलाक़ों के भारत चीन सीमा क्षेत्रों को तुलनात्मक रूप से शांत माना जाता है, लेकिन यहाँ भी चीनी घुसपैठ के आरोप लगते रहे हैं।
मिसाल के तौर पर उत्तराखंड के चमोली ज़िले में स्थित बाराहोती चरागाह क्षेत्र में चीनी सैनिकों और नागरिकों द्वारा एलएसी पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने और बुनियादी ढाँचे को नुक़सान पहुँचाने के आरोप कई बार लगे हैं। समय-समय पर चीन द्वारा वास्तविक नियंत्रण रेखा की यथास्थिति को बदलने और नए क्षेत्रों पर दावा ठोकने के आक्रामक प्रयास भी जारी रहते हैं।
गत 22 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के अलवर में आईटीबीपी के 'हिमवीर सम्मान समारोह' के दौरान महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने अपने सैनिकों को संबोधित करते हुए यह स्वीकार भी किया कि अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर कई स्थानों पर चीनी सैनिकों के साथ आमने-सामने की स्थिति बनी हुई है और यह गतिरोध लगातार जारी है। उन्होंने एक व्यावहारिक और गंभीर सैन्य आकलन देते हुए यह भी कहा कि चीन ने अपनी सेना के आधुनिकीकरण में भारी निवेश किया है। इसलिए, पारंपरिक तरीक़ों से सीधे तौर पर चीन का मुक़ाबला करना मुश्किल हो सकता है।
महानिदेशक शत्रुजीत सिंह अपने उपरोक्त बयान देने के कुछ ही दिनों बाद 31 अक्टूबर सेवानिवृत्त भी हो गए परन्तु उनके वक्तव्य से देश की घरेलू राजनीति में एक बड़ा सियासी संग्राम शुरू हो गया। विपक्ष ने सरकार से मांग की कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा, चीनी घुसपैठ की वास्तविक सीमा, और चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर संसद और देश के सामने स्थिति स्पष्ट करे।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि सीमा पर स्थिति गंभीर है जबकि सरकार इसे दबाने की कोशिश कर रही थी। चूंकि सीमा सुरक्षा से जुड़ा शत्रुजीत सिंह का यह बयान बेहद संवेदनशील था और इसने सुरक्षा से जुड़ी रणनीतिक सच्चाइयों को उजागर किया था, इसलिए विवाद बढ़ते ही आईटीबीपी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से शत्रुजीत सिंह के इस भाषण के वीडियो को हटा दिया गया । परन्तु वीडियो हटा लेने से अपनी कमज़ोरियाँ ख़त्म नहीं हो जातीं ?
एक बार इससे पहले भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी फ़रवरी 2023 में एक समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू के दौरान चीन को बड़ी अर्थव्यवस्था और भारत को तुलनात्मक रूप से छोटी अर्थव्यवस्था बताते हुए व्यावहारिक कूटनीति की वकालत की थी। उस समय भी उनके इस बयान को लेकर विपक्षी दलों ने उन पर भारत की कमज़ोरी ज़ाहिर करने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर इस पर काफ़ी बहस हुई थी।
जयशंकर ने उस समय स्पष्ट शब्दों में कहा था कि -"देखिए, वे (चीन ) बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हम एक छोटी अर्थव्यवस्था हैं। क्या मैं एक बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ जाकर लड़ाई मोल ले लूं? यह लड़ाई लड़ने की बात नहीं है, यह सामान्य समझ की बात है।" विदेश मंत्री का तर्क था कि भारत और चीन के बीच आर्थिक अंतर एक हक़ीक़त है।
उन्होंने कहा था कि एक समझदार और व्यावहारिक देश के रूप में भारत को अपनी सीमाओं और क्षमताओं को समझते हुए कूटनीति चलनी चाहिए, न कि बिना सोचे-समझे किसी बड़ी आर्थिक महाशक्ति से सीधे टकराव में पड़ना चाहिए। ऐसे में सवाल यह है कि विदेश मंत्री जयशंकर और आई टी बी पी के पूर्व महानिदेशक शत्रुजीत सिंह की 'स्वीकरोक्ति' अथवा स्पष्टवादिता या 'साफ़गोई ' के बीच स्वयं को मज़बूत बताने वाली सरकार व 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री मोदी से चीनी घुसपैठ का सच, आख़िर देश आख़िर कब जान सकेगा?
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
अंबाला
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


