A Royal World of Priceless and Unique Animals at the Pushkar Fair-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पुष्कर मेले में अनोखे पशुओं की शाही दुनिया : 21 करोड़ का गोल्डन किंग, 100 बाउंसरों के घेरे में बादल की एंट्री और 800 किलो का 'छोटा सुल्तान' बने आकर्षण का केंद्र

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 2:13 PM (IST)
पुष्कर मेले में अनोखे पशुओं की शाही दुनिया : 21 करोड़ का गोल्डन किंग, 100 बाउंसरों के घेरे में बादल की एंट्री और 800 किलो का 'छोटा सुल्तान' बने आकर्षण का केंद्र
; 14 इंच की पुंगनूर गाय और शेटलैंड पोनी भी लुभा रहे अजमेर/पुष्कर। तीर्थनगरी पुष्कर के रेतीले धोरों में इन दिनों अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले की रौनक परवान पर है। मेले में केवल ऊंटों और घोड़ों की पारंपरिक खरीद-बिक्री ही नहीं हो रही, बल्कि देश-विदेश की दुर्लभ और बेशकीमती नस्ल के पशु भी मेलार्थियों व विदेशी पर्यटकों के लिए कौतूहल का केंद्र बने हुए हैं। मेले की औपचारिक प्रशासनिक शुरुआत मंगलवार (17 नवंबर) को झंडारोहण और पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर दीपदान के साथ होगी, लेकिन इससे पहले ही मेला मैदान में अनोखे पशुओं का जमघट लग चुका है। 21 करोड़ का 'गोल्डन किंग' और 100 बाउंसरों के साथ 'बादल' का शाही जुलूस
सूरत से आया 21 करोड़ का घोड़ा: गुजरात के सूरत से पुष्कर मेले में पहुंचा मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा 'गोल्डन किंग' सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है। इसके मालिक के मुताबिक, 5 वर्षीय इस घोड़े की कीमत 21 करोड़ रुपये है और 'क्रिमिनो' रंग का देश में यह अपनी नस्ल का इकलौता घोड़ा है। 65 इंच ऊंचे इस घोड़े की ब्रीडिंग फीस करीब डेढ़ लाख रुपये है और अब तक इसके छह बच्चे हो चुके हैं। मालिक इसे बिक्री के लिए नहीं, बल्कि केवल प्रदर्शन के लिए लाए हैं।
नोटों की गड्डियां लुटाकर हुआ 'बादल' का स्वागत: केकड़ी के राहुल जेतवाल अपने 6 साल के नुगरा नस्ल के 70 इंच ऊंचे सफेद घोड़े 'बादल' के साथ मेले में पहुंचे हैं। 100 निजी बाउंसरों के सुरक्षा घेरे, ढोल-नगाड़ों और स्वागत में उड़ाई गई नोटों की गड्डियों के बीच करीब एक किलोमीटर लंबा शाही जुलूस निकालकर बादल की एंट्री करवाई गई। उनके साथ 'न्यू बादल' और 'विश्वास' नाम के दो अन्य सफेद घोड़े भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
800 किलो का 'छोटा सुल्तान', 14 इंच की पुंगनूर गाय और यूरोप की शेटलैंड पोनी
मशहूर भैंसे सुल्तान का बेटा: ग्वालियर से आया मुर्रा नस्ल का भैंसा 'छोटा सुल्तान' अपनी विशाल कद-काठी से सबका ध्यान खींच रहा है। मशहूर भैंसे सुल्तान के इस बेटे का वजन करीब 800 किलोग्राम, लंबाई 9 फीट और ऊंचाई 5 फीट 7 इंच है। इसकी कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है।
दुनिया की सबसे छोटी गायें और स्कॉटिश पोनी: जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी मेले में दुनिया की सबसे छोटी नस्ल की गायें लेकर पहुंचे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंदीदा पुंगनूर गाय (ऊंचाई महज 14 इंच, प्रतिदिन 3 लीटर दूध), मिनी माउस (15-20 इंच ऊंचाई, 3-5 लीटर दूध) और विच्चूर (25-28 इंच ऊंचाई, 5 लीटर दूध) शामिल हैं। कम जगह और कम खर्च में पलने वाली इन गायों के साथ-साथ तिवारी यूरोप के स्कॉटलैंड से जुड़ी घने बालों वाली 'शेटलैंड पोनी' भी लाए हैं, जो बच्चों की सवारी और मेले में खास आकर्षण बनी हुई है।
अब तक 7,598 पशुओं की आवक, मंगलवार से होगा औपचारिक आगाज
पशुओं का आंकड़ा: पशुपालन विभाग के अनुसार, रविवार तक मेला मैदान में कुल 7,598 पशु पहुंच चुके हैं, जिनमें 4,150 घोड़े और 3,411 ऊंट शामिल हैं।
मंगलवार का कार्यक्रम: मंगलवार (17 नवंबर) को सुबह 10 बजे मेला मैदान में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर मेले का औपचारिक झंडारोहण करेंगे। शाम को पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर भव्य दीपदान होगा, जबकि मेला स्टेडियम में 'वॉयस ऑफ पुष्कर' के तहत स्थानीय गायक व लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement