Assembly Speaker Inaugurates Road Construction Projects in Shantipura, Rajiv Colony, and New Gita Colony-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष ने शांतिपुरा, राजीव कॉलोनी एवं न्यू गीता कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारम्भ

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 9:21 PM (IST)
विधानसभा अध्यक्ष ने शांतिपुरा, राजीव कॉलोनी एवं न्यू गीता कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारम्भ
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25.24 लाख रुपए की लागत से होने वाले तीन सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों से शांतिपुरा, राजीव कॉलोनी और न्यू गीता कॉलोनी के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है और शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। देवनानी ने विधायक कोष से वार्ड संख्या 73 के शांतिपुरा गली नंबर एक में पीरचंद मेहरा के मकान से बलवंत सिंह के मकान तक 11.46 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया। इसी वार्ड की राजीव कॉलोनी में चौथमल जी के मकान से शंकर रावत के मकान तक 6.78 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वहीं, वार्ड संख्या 3 की न्यू गीता कॉलोनी स्थित केशव पथ पर 7 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़कों से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होती है। शहर के संतुलित विकास के लिए प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में आवश्यकतानुसार कार्य करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अजमेर शहर में 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से अधिकांश परियोजनाओं के इसी वर्ष पूरा होने की उम्मीद है। पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। शहर के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
देवनानी ने बताया कि रिंग रोड की दिशा में चार प्रमुख सड़कों का विकास और विस्तार किया जा रहा है। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के निर्माण और जयपुर रोड पर नए जीएसएस के कार्य भी प्रगतिरत हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण, भव्य प्रवेश द्वार, लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क, मल्टीपर्पज स्टेडियम और कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाएं इसमें शामिल हैं।
इसके साथ ही वरुण सागर और चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में महापौर अनामिका शर्मा, मंडल अध्यक्ष रचित कांवड़ एवं दीपक शर्मा, राकेश वर्मा, दीपक काकानी, अनिल मेघवंशी, गणेश साहू, संजय सांखला, अशोक सेन सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement