Shri Pushkar Mela 2026: Traditional Commencement Marked by Flag Hoisting; A Vibrant Display of Cultural Enthusiasm-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

श्री पुष्कर मेला-2026 : ध्वजारोहण के साथ हुआ पारंपरिक शुभारम्भ, सांस्कृतिक उमंग की छटा बिखरी

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 8:20 PM (IST)
श्री पुष्कर मेला-2026 : ध्वजारोहण के साथ हुआ पारंपरिक शुभारम्भ, सांस्कृतिक उमंग की छटा बिखरी
अजमेर। विश्व प्रसिद्ध श्री पुष्कर मेला 2026 का मंगलवार को पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ भव्य शुभारम्भ हुआ। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत द्वारा मेला मैदान में विधिवत ध्वजारोहण कर मेले के शुभारम्भ की घोषणा की गई। संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, जिला कलक्टर लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला शुभारंभ समारोह में उपस्थित रहे। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। पुष्कर के कोरीडोर की डीपीआर तैयार हो गई है। इसकी निविदा प्रक्रिया आरंभ हो गई है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने वाले कुछ कार्य जल्द ही आरम्भ किए जाएंगे। कुछ कार्यों के कार्यादेश जल्द ही जारी होंगे। इससे पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इसी प्रकार क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी निदान के लिए करोड़ों की लागत से मोर सागर में जल उपलब्ध कराया जाएगा। ईआरसीपी के माध्यम से राजस्थान की जल संरचना में परिवर्तन की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस विश्व-प्रसिद्ध मेले को स्थायी रूप से वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। तीर्थराज पुष्कर को अंतरराष्ट्रीय तीर्थ पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि यहां आने वाला हर आगंतुक राजस्थान की परंपराओं, संस्कृति और आध्यात्मिकता का अद्भुत अनुभव लेकर जाए।
उन्होंने आगंतुकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता एवं अनुशासन का पालन करते हुए मेले को सफल एवं यादगार बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राजस्थान की परंपरा अतिथि देवो भव के अनुरूप प्रत्येक पर्यटक का स्वागत सम्मानपूर्वक किया जाएगा और प्रशासन सभी के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं आनंददायक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शुभारम्भ समारोह में परम्परागत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना का आयोजन ज्योतिषाचार्य पंडित कैलाशनाथ दाधीच के आचार्यत्व में किया गया। पूजा के पश्चात ध्वजारोहण के साथ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी एवं उनके दल द्वारा नगाड़ों का संगत वादन किया गया। समारोह को ऎतिहासिक बना दिया। नगाड़ों की एकसमान ताल ने उपस्थित जनसमूह में रोमांच का संचार किया। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भी ताल मिलाकर नगाड़ा वादन किया। ब्राजील की सिल्विया कैबरल ने राजस्थानी लोक गीत की प्रस्तुति दी।
राजस्थान की संस्कृति की मनोहारी झांकी प्रस्तुत करते हुए परंपरागत पोशाक में सजी 100 से अधिक बालिकाओं द्वारा सामूहिक लोकगीत व नृत्य प्रस्तुति ने पणिहारी एवं म्हारो प्यारो राजस्थान सहित विभिन्न लोकगीत समुच्च पर प्रस्तुत किया गया।
मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं की भी शुरुआत हुई। स्थानीय एवं विदेशी टीमों के मध्य फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। इसका शुभारम्भ सुरेश रावत ने टॉस कर किया। यह मैच विदेशी टीम ने देशी टीम को 5-1 से हराकर जीता। राजस्थान पुलिस अकादमी के घुड़सवारों ने अश्व प्रदर्शन के अंतर्गत विभिन्न रोमांचकारी स्टैंडिंग सैल्यूट, टेंट पैकिंग, शो जंपिंग, म्युजिकल हॉर्स राइड का प्रदर्शन किया।
उपखंड अधिकारी एवं मेला मजिस्ट्रेट गुरु प्रसाद तंवर ने कहा कि तीर्थराज पुष्कर में मेले के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के कैम्प स्थापित किए गए हैं। तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए सरोवर क्षेत्र और मेला स्थल पर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, पशुपालन विभाग के मेला अधिकारी डॉ. नवीन परिहार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement