अजमेर। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रदेश की महिलाओं द्वारा हस्त निर्मित उत्पादों को एक मंच उपलब्ध कराने तथा आमजन को इन विशिष्ट उत्पादों तक पहुंचाने के लिए अमृता हाट का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक किया जाएगा। अजमेर वैशाली नगर स्थित अरबन हाट बाजार में लगने वाले इस मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पाद उपलब्ध होंगे। अमृता हाट में प्रतिदिन लक्की ड्रॉ का आयोजन कर विजेताओं को आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल ने शुक्रवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में अमृता हाट की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण एवं विपणन कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमृता हाट का आयोजन किया जाता है।