Advertisement
फिल्मों में हीरो बनने से पहले तुषार कपूर ने डेविड धवन की तीन फिल्मों के सेट पर सीखा था काम

तुषार ने बताया कि डेविड धवन के सेट पर काम करते समय लेखक रूमी जाफरी ने उन्हें देखा था। रूमी ने उन्हें बताया कि निर्माता वाशु भगनानी अपनी अगली फिल्म के लिए एक नए लड़के की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने तुषार से पूछा कि क्या वह अभिनेता बनना चाहेंगे। इस पर तुषार ने कहा कि वह किसी भी अच्छे मौके के लिए तैयार हैं और उन्हें बस कहीं से शुरुआत करनी है। इसके बाद रूमी जाफरी ने उनका नाम वाशु भगनानी को सुझाया और उन्हें फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' में काम करने का मौका मिल गया।
साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' तुषार कपूर की पहली फिल्म थी। इसमें उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। फिल्म का निर्देशन सतीश कौशिक ने किया था, जबकि अमरीश पुरी भी अहम भूमिका में थे। यह फिल्म तेलुगु फिल्म 'थोली प्रेमा' की हिंदी रीमेक थी। फिल्म में तुषार ने करण का किरदार निभाया था, जो एक लड़की से प्यार करता है और उसे अपने दिल की बात बताने की कोशिश करता है। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और तुषार की एक्टिंग को भी पसंद किया गया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड मिला था।
तुषार ने अपने एक अन्य इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्हें फिल्म ऑफर हुई, तब उन्हें खुद नहीं पता था कि वह अभिनय कर पाएंगे या नहीं। वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं थे कि अभिनेता के तौर पर वह कितने सफल होंगे, लेकिन उन्होंने मौका मिलने पर पीछे हटने के बजाय काम शुरू कर दिया। उन्होंने रोशन तनेजा और महेंद्र वर्मा से अभिनय की ट्रेनिंग भी ली। इसके अलावा उन्होंने उर्दू और डांस की क्लास भी की, ताकि पर्दे पर अपने किरदार को बेहतर तरीके से निभा सकें।
पहली फिल्म से मिली पहचान के बाद तुषार ने 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए', 'कुछ तो है' और 'गायब' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि शुरुआती फिल्मों से उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी। साल 2005 में आई फिल्म 'क्या कूल हैं हम' ने उनके करियर को नई दिशा दी। इसके बाद साल 2006 में रोहित शेट्टी की फिल्म 'गोलमाल: फन अनलिमिटेड' में लकी का किरदार उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बन गया। इस फिल्म में उनका किरदार बोल नहीं सकता था, लेकिन उनके हाव-भाव और कॉमेडी ने दर्शकों को खूब हंसाया।
तुषार ने 'खाकी', 'शोर इन द सिटी', 'द डर्टी पिक्चर', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'शूटआउट एट वडाला' जैसी फिल्मों में भी अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। वह 'गोलमाल रिटर्न्स', 'गोलमाल 3' और 'गोलमाल अगेन' में भी लकी के किरदार में नजर आए।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
यह भी प�?े
बॉलीवुड
Advertisement
Traffic
Features


