Ananya Panday shared a funny story about dancing to Dhoom Machale three times in front of Hrithik Roshan as a child.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बचपन में ऋतिक के सामने तीन बार 'धूम मचाले' पर किया था डांस, अनन्या पांडे ने सुनाया मजेदार किस्सा

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 12:06 PM (IST)
बचपन में ऋतिक के सामने तीन बार 'धूम मचाले' पर किया था डांस, अनन्या पांडे ने सुनाया मजेदार किस्सा
मुंबई । अभिनेत्री अनन्या पांडे ने हाल ही में भारतीय उद्यमी अनन्या बिड़ला के साथ करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में मेहमान के तौर पर शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने एक बार अपने दोस्तों के साथ मिलकर अभिनेता ऋतिक रोशन के सामने डांस परफॉर्म किया था। अनन्या पांडे ने चैट शो 'कॉफी विद करण' पर अपने बचपन का एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए कहा कि कैसे उन्होंने और उनके दोस्तों ने एक बर्थडे पार्टी में ऋतिक रोशन को रोककर उनके सामने डांस किया था। इस दौरान उन्होंने ऋतिक रोशन को अपना पहला प्यार भी बताया। अनन्या पांडे कहती हैं, "बचपन में एक बर्थडे पार्टी के दौरान जब ऋतिक रोशन वहां से जाने वाले थे, तब मैं और मेरी सभी दोस्त भागकर ऋतिक रोशन के पास गईं और कहा, 'अंकल', प्लीज, प्लीज हम आपको 'धूम मचाले' दिखाना चाहते हैं। फिर वो वहां बैठ गए, और हमने उनके सामने तीन बार 'धूम मचाले', 'क्रेजी किया रे' जैसे गानों पर डांस किया था।"
अनन्या ने हंसते हुए बताया कि लगातार कई बार परफॉर्मेंस देखने के बाद ऋतिक काफी थके हुए लग रहे थे और ऐसा लग रहा था मानो वे कह रहे हों कि अब वे इसे और नहीं देख सकते। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आखिर में वो बस यही सोच रहे थे कि 'मैं इसे और नहीं देख सकता, तो हमें परफॉर्म करते हुए बहुत मजा आया था।'"
वहीं, करण ने हंसते हुए कहा कि वह ऋतिक को 'अंकल' कहते हुए कल्पना कर सकते हैं, तो अनन्या ने कहा कि ऋतिक उनका 'पहला प्यार' थे और मजाक में बोलीं कि उनका पहला शब्द 'ऋतिक' था, हालांकि तुरंत साफ किया कि वह बस नाटकीय अंदाज में कह रही हैं।
एक्ट्रेस को तुरंत एहसास हुआ कि उन्होंने कुछ ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर बोल दिया है और उन्होंने कहा, "ये मेरा पहला शब्द नहीं था, मैं थोड़ा ड्रामा कर रही हूं, लेकिन एक बर्थडे पार्टियों में मैं गई थी और उस समय ज्यादातर बर्थडे पार्टी में ऋतिक रोशन होते थे, तो मैंने जब वहां पर सुपरस्टार को देखा, तो मैं बोली, 'ऋतिक।'"
अनन्या ने यह भी माना कि वह आज भी ऋतिक को देखकर अचंभित हो जाती हैं।
अनन्या पांडे की बात करें, तो वह जल्द ही ओटीटी शो 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन में नजर आएंगी। इस शो में श्रुति हासन, वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement