khaskhabar.com: रविवार, 11 सितम्बर 2016 10:22 AM (IST)
अजमेर। जिले के श्रीनगर के ग्राम टिहरी में दो भाइयों ने अपने ही भाई की सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव खेत में फेंक दिया। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। श्रीनगर पुलिस इंचार्ज सुगन सिंह के अनुसार मृतक राजेंद्र और छोटे भाई सुखपाल के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। दरअसल मृतक राजेंद्र शादीशुदा होने के बावजूद अन्य महिला के साथ सम्बंध रखता था। यह बात भाई सुखपाल व फुफेरे भाई शैतान सिंह को गवारा नहीं हुई। इस अवैध संबंध को लेकर मृतक राजेंद्र को सम्पति से भी बेदखल कर दिया गया था । इसके बाद भी मृतक राजेन्द्र भाईयों की आंखों में खटकता रहा। आठ सितंबर को जब राजेन्द्र अपने दोस्त के साथ खेत आया था तो उसकी सूचना भाई सुखपाल को लग गई । सुखपाल और शैतान ने मोटर साइकिल से जा रहे भाई राजेन्द्र और उसके दोस्त को धक्का देकर गिरा दिया। इससे घबराकर राजेन्द्र का दोस्त तो भाग निकला लेकिन राजेन्द्र की दोनों भाईयों ने हत्या कर दी। फिर शव को बनेवाड़ी के निकट फेंक दिया। दस सितंबर को राजेन्द्र के दोस्त की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।