आरएएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
khaskhabar.com: शुक्रवार, 26 अगस्त 2016 8:50 PM (IST)
जयपुर। जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा 28 अगस्त को जयपुर जिले में आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारम्भिक) परीक्षा, 2016 के सुचारु एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा चाकचौबन्द व्यवस्था की गई है। महाजन शुक्रवार को कलक्ट्रेट के सभागार में राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारम्भिक परीक्षा, 2016 के आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे ।
उन्होंने इस संयुक्त प्रतियोगी प्रारम्भिक परीक्षा के आयोजन के लिए नियुक्त प्रशासनिक, पुलिस, शिक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने कर्तव्य का पालन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें । इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाये, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लायी जायेगी जिला कलक्टर ने बताया कि राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारम्भिक परीक्षा, 2016 का परीक्षा समय रविवार, 28 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा ।