भिवानी । मुख्यमंत्री मनोहर लाल की रविवार को दादरी क़स्बा में आयोजित होने वाली जनसभा की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त पंकज कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रतिक्षा गोदारा ने अन्य अधिकारियों के साथ दादरी नई अनाज मंडी का दौरा किया। इस अवसर पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था एवं रैली प्रबन्धों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त पंकज कुमार ने निर्देश दिए कि रैली स्थल पर आने के लिए हलके व आसपास के ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए पेयजल उपलब्ध रहना चाहिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पानी के टैंकर खड़े रखने के निर्देश दिए। वीआईपी नागरिकों के प्रवेश के लिए अलग से विशेष द्वार बनाया जाएगा। उन्होंने बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को रैली के दौरान विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक प्रतिक्षा गोदारा ने रैली स्थल के आस पास गाड़ियों की पार्किंग करवाने के लिए स्थान सुनिश्चित करते हुए पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित दिशा निर्देश दिए। रैली में पुरूषों के साथ साथ काफी संख्या में महिलाएं भी भाग लेंगी। इसलिए रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रबन्धों का पूरा ध्यान रखा जाए।