Annakoot Mahotsav is a festival of expressing gratitude towards nature: Ashok Buwaniwala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अन्नकूट महोत्सव प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व : अशोक बुवानीवाला

khaskhabar.com: मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 3:45 PM (IST)
अन्नकूट महोत्सव प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व : अशोक बुवानीवाला
खास खबर। भिवानी भारतीय संस्कृति में पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होते, बल्कि वे समाज को आपसी प्रेम, सेवा, समर्पण और सामूहिकता के सूत्र में पिरोने का भी माध्यम बनते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बुवानीवाला परिवार जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गोवर्धन पर्व के अवसर पर अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
बीटीएम चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भगवान गोवर्धन को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर लगभग 100 क्विंटल कढ़ी सहित विभिन्न प्रकार के पारंपरिक व्यंजनों का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए शहर के सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे।
मंदिर परिसर में अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां सुबह से ही प्रारंभ हो गई थीं। सेवाभाव से जुड़े ट्रस्ट के सदस्यों एवं सहयोगियों ने मिलकर प्रसाद तैयार करवाया। कढ़ी, सब्जी, मालपुआ, पापड़, पूरी, बाजरा, ग्वार की फली, बड़े सहित अनेक पारंपरिक पकवानों से अन्नकूट का भोग सजाया गया। दोपहर 12 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान गोवर्धन को 56 भोग अर्पित किया गया और इसके उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण शुरू हुआ।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य एवं हरियाणा कांग्रेस उद्योग सैल के चेयरमैन अशोक बुवानीवाला ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव केवल भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, अन्न के महत्व को समझने और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें सिखाती है कि प्रकृति ही जीवन का आधार है और पर्वत, वन, वृक्ष, जल एवं धरती मानव जीवन के वास्तविक संरक्षक हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से समाज को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया था कि ईश्वर के नाम पर मानवता का शोषण नहीं होना चाहिए। अन्नकूट महोत्सव भी इसी भावना को आत्मसात करने का अवसर है, जहां सभी लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं और सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की मिसाल प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि बुवानीवाला परिवार जनकल्याण ट्रस्ट वर्षों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रधान राधेश्याम बुवानीवाला, सचिव पदम बुवानीवाला, प्रबंधक सांवरमल बुवानीवाला, पुरूषोत्तम दास बम्बई, दुर्गा प्रसाद दिल्ली, उमेश गुप्ता कोलकाता, विनोद बुवानीवाला, घनश्याम बुवानीवाला, सुशील बुवानीवाला, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement