करनाल। जिस तरह हम सभी नवरात्रि में व्रत कर देवी मां को प्रसन्न करने का संकल्प लेते हैं। ठीक उसी तरह हमें अपने जीवन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और स्वच्छता के प्रति भी संकल्प लेना चाहिए। ये कहना है मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह का। प्रदेश वासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए अमरिंद्र सिंह ने कहा कि एक स्वच्छ समाज की कल्पना तभी साकार होगी। जब समाज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा हम साकार कर सकेंगे। वे मंगलवार को कैम्प कार्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में समान विकास के नारे को बुलंद करते हुए कार्य कर रही है। आज पंचकुला से लेकर पलवल तक हर विधानसभा क्षेत्र में समान रुप से विकास कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के 50 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में आगामी 1 नवम्बर को स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर प्रदेश के विकास की गति को और तेज करने के उद्देश्य से कई और नई परियोजनाओं और विकासात्मक कार्यो की घोषणाएं करेंगे। इस मौके पर कुलदीप शर्मा, भगवान दास अग्गी, अशोक मदान, अशोक भंडारी, सुनील गोयल और शंकर वधवा भी मौजूद रहे।