khaskhabar.com: शनिवार, 13 अगस्त 2016 8:51 PM (IST)
धौलपुर । जिले में एक बार फिर ममता शर्मसार हो गई। फिर एक मां ने अपनी नवजात बच्ची को मरने के लिए लावारिस हालत में छोड़ दिया । घटना धौलपुर जिले कोतवाली थाने के गुर्जर कॉलोनी की हैं। जहां कचरे के ढेर पर लावारिस अवस्था में पांच दिन की नवजात बच्ची मिली है । कलियुगी मां ने अपने कलेजे के टुकड़े के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया जिससे वह रो ना सके ।
जब आस-पास के दुकानदारों की नजर कचरे के ढेर पर पड़ी तो उन्हें नवजात बच्ची ज़िंदा अवस्था में मिली तो उन्होंने बच्ची को ले जाकर डॉ.मंगल सिंह चिकित्सालय के एफबीएनसी वार्ड में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। बाल रोग विशेषज्ञ हरिओम गर्ग ने बताया कि बच्ची का वजन डेढ़ किलोग्राम है और इसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसको सांस लेने में दिक्कत आ रही हैं। बच्ची के स्वस्थ्य हो जाने पर इसे जयपुर के बाल सम्प्रेषण गृह भेज दिया जायेगा ।