Ensure all arrangements are robust for free, fair, and transparent elections – State Election Commission-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्वतन्त्र,निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सभी व्यवस्थाएं रखें चाक-चौबंद-राज्य निर्वाचन आयोग

khaskhabar.com: शनिवार, 14 नवम्बर 2026 3:48 PM (IST)
स्वतन्त्र,निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सभी व्यवस्थाएं रखें चाक-चौबंद-राज्य निर्वाचन आयोग
धौलपुर। राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि पंचायती राज आम चुनाव-2026 में प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पारदर्शिता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त धौलपुर कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक में चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त सुरक्षा जाब्ता तैनात किया जाए। मतदान दलों के गंतव्य स्थलों तक समय पर पहुंचने, उनके ठहरने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी तैयारी रखी जाए ताकि निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि मतदान एवं मतगणना की सभी व्यवस्थाऐं स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से की जाये जिससे आयोग की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्वक चुनाव सम्पन्न हों। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई तथा रैम्प सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, दायित्वों एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की समुचित जानकारी दी जाए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए तथा एरिया मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा साथ ही ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की एवं मतगणना कार्य में नियुक्त कार्मिकों को भी समुचित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
नियंत्रण कक्ष रहे सक्रिय, सीमावर्ती क्षेत्र में बरतें अतिरिक्त सतर्कता—
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त ने जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय एवं मुस्तैद रखने तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में सूचना प्राप्त होते ही अतिरिक्त जाप्ता भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें तथा किसी भी अवांछित गतिविधि या घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
स्वीप के नवाचारों की सराहना—
राज्य निर्वाचन आयोग आयुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता के लिए किए गए नवाचारों की सराहना की। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर होमगार्ड, पुलिस कर्मी, महिला कॉन्स्टेबलों की नियुक्ति तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों को लगाए जाने की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने जिले में चतुर्थ चरण में बनाए गए 3 आदर्श मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए नवाचारों एवं सामान्य प्रबन्धन पर आधारित पुस्तिका तैयार करने का सुझाव दिया जिससे भविष्य में जानकारी मिल सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी तैयारियों की जानकारी—
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने चतुर्थ चरण के निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 3 पंचायत समितियों में चुनाव के लिए मतदान दल रवाना कर दिए गए है। उन्होंने ईवीएम की व्यवस्थाऐं, कार्मिकों को प्रशिक्षण, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाऐं, मतदान दलों के ठहराव एवं सामान्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट, पुलिस पार्टी, मतदान दलों के कार्मिकों को दिए गए प्रशिक्षण के बारे में बताया।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चतुर्थ चरण के मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि अवांछित गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
बैठक में पर्यवेक्षक अरविंद सारस्वत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रेष्ठा श्री, उपजिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर सुरेश राव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement