जोधपुर । राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की जिला शाखा के बैनर तले नर्सिंगकर्मियों ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। साथ ही जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा) के नाम का ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन की ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रीति रामदेव ने बताया कि छठा वेतन आयोग लागू होने के बाद भी नर्सेज के सभी संवर्गों की ग्रेड पे केंद्र के अनुरूप नहीं हुई। इसी तरह पूर्ववर्ती सरकार द्वारा नर्सिंग संवर्ग के 6822 पदों को डीपीसी से भरा गया था। उनको वर्तमान सरकार द्वारा विलोपित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों के साथ ही सीनियर नर्सिंग ऑफिसर एवं नर्सिंग ट्यूटर के पद को राजपत्रित करने, नर्सेज संवर्ग के पदनामों को केंद्र सरकार के पदनामों के अनुसार करने, वेतन विसंगति एवं वेतन भत्तों में संशोधन करने, पदोन्नति करने, नर्सेज को दवाई लिखने का अधिकार देने, प्रदेश में अलग से नर्सिंग निदेशालय स्थापित करने आदि मांगों को लेकर धरना दिया गया।