No immediate relief for Asaram from the Supreme Court; plea to be heard after winter break-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सुप्रीम कोर्ट से आसाराम को फिलहाल राहत नहीं, सर्दियों की छुट्टियों के बाद होगी याचिका पर सुनवाई

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 2:07 PM (IST)
सुप्रीम कोर्ट से आसाराम को फिलहाल राहत नहीं, सर्दियों की छुट्टियों के बाद होगी याचिका पर सुनवाई
जोधपुर। दुष्कर्म के अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने जोधपुर दुष्कर्म मामले में दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखने के हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के बाद करने की बात कही है। अदालत ने यह भी दर्ज किया कि पैरोल की अवधि 26 अक्टूबर को समाप्त होने के बाद आसाराम ने संबंधित अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। मंगलवार को न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ आसाराम की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इस दौरान पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई सर्दियों की छुट्टियों के तुरंत बाद की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट सर्दियों की छुट्टियों के बाद 4 जनवरी को दोबारा खुलेगा। पीठ ने यह भी ध्यान दिलाया कि वर्ष 2013 के गांधीनगर दुष्कर्म मामले में अपनी दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाईकोर्ट में अब भी लंबित है। इससे पहले 14 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था, जिसमें उन्हें बीमार पत्नी से मिलने जाने के लिए जमानत देने से मना कर दिया गया था।
आसाराम को जोधपुर और गांधीनगर में दर्ज अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। शीर्ष अदालत ने पहले रजिस्ट्री को राजस्थान की निचली अदालत से मामले के रिकॉर्ड मंगाने का निर्देश दिया था। इसमें डिजिटल और कागजी, दोनों तरह के रिकॉर्ड शामिल हैं। अदालत ने इन रिकॉर्ड की एक-एक प्रति याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और पीड़िता को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए थे।
वहीं, गुजरात के गांधीनगर में दर्ज मामले में निचली अदालत ने वर्ष 2023 में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आरोप था कि उसने वर्ष 2001 से 2006 के बीच अहमदाबाद स्थित अपने आश्रम में एक शिष्या के साथ बार-बार दुष्कर्म किया। इस मामले में वर्ष 2013 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील फिलहाल गुजरात हाईकोर्ट में लंबित है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement