Mohit Meena from Tonk Shines at State-Level Ju-Jitsu Championship-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्य स्तरीय जू-जित्सु प्रतियोगिता में टोंक के मोहित मीणा ने लहराया परचम

khaskhabar.com: मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 5:23 PM (IST)
राज्य स्तरीय जू-जित्सु प्रतियोगिता में टोंक के मोहित मीणा ने लहराया परचम
नेवाजा कैटेगरी में सिल्वर और फाइट के लिए कॉन्टैक्ट कैटेगरी में जीता गोल्ड मेडल, क्षैत्र में खुशी की लहर टोंक। ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं लगातार अपनी मेहनत और लगन के दम पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। टोंक जिले के ग्राम रानीपुरा निवासी हरिभजन मीणा के पुत्र मोहित मरमट (मीणा) ने राज्य स्तरीय जू-जित्सु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दो पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में 2 से 3 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय जू-जित्सु प्रतियोगिता में मोहित ने अपनी खेल प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए नेवाजा कैटेगरी में सिल्वर मेडल तथा फाइट के लिए कॉन्टैक्ट कैटेगरी में गोल्ड मेडल हासिल किया। मोहित ने 62 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतियोगिता में भाग लेकर टोंक जिले का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों के बीच मुकाबला हुआ। मोहित ने अपने शानदार खेल कौशल, तकनीक, आत्मविश्वास और संघर्ष क्षमता के दम पर दोनों स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। एक ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दो पदक हासिल करना उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
मोहित की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही रानीपुरा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर यहां के युवा भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। मोहित की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रोत्साहित होने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मोहित भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे तथा टोंक जिले का नाम रोशन करेंगे। मोहित की इस उपलब्धि पर सॉफ्ट नेशनल एवं एशियन मेडलिस्ट जय मीना, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देव मीना, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सागर मीना, अंतरराष्ट्रीय रोइंग खिलाड़ी सुहानी मीना, नटवर सिंह, उप निदेशक शारीरिक शिक्षा, विनोद मीना, दिलखुश मरमट सहित जिले के खेल जगत से जुड़े अनेक लोगों ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement