Tonk Panchayat Raj Elections: Vote Counting on Friday; Fate of Zila Pramukh and 8 Pradhans to be Decided-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

टोंक पंचायत राज चुनाव: शुक्रवार को मतगणना, जिला प्रमुख और 8 प्रधानों की कुर्सी पर होगा फैसला

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 8:59 PM (IST)
टोंक पंचायत राज चुनाव: शुक्रवार को मतगणना, जिला प्रमुख और 8 प्रधानों की कुर्सी पर होगा फैसला
-73 जिला परिषद और 496 पंचायत समिति उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला, भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, जिला प्रमुख पद के लिए कई महिला उम्मीदवार मैदान में विनोद शर्मा टोंक। पंचायत राज चुनाव 2026 के दो चरणों में हुए मतदान के बाद शुक्रवार को मतगणना होगी। जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में होने वाली मतगणना में जिला परिषद की 30 सीटों पर 73 उम्मीदवारों तथा जिले की 8 पंचायत समितियों की 160 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 496 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है।
इन चुनावों के परिणाम भाजपा के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत जिले के कई राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा से जुड़े हुए हैं। दोनों प्रमुख दलों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी। अब शुक्रवार को मतगणना के साथ ही चुनावी समीकरणों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
जिला प्रमुख पद पर कई दिग्गज परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर
टोंक जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। इस पद को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों में कई प्रभावशाली परिवारों की महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस खेमे से पूर्व विधायक कमल बैरवा की बहन एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की पुत्री अलका बैरवा, पूर्व सांसद एवं पूर्व जिला प्रमुख द्वारका प्रसाद बैरवा की पुत्रवधू तथा पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा और आरएएस अधिकारी की पत्नी रचना वर्मा प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
वहीं भाजपा खेमे में पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल के परिवार से रेखा चंदेल, भाजपा नेता प्रभु बाड़ोलिया की पत्नी बादाम बाड़ोलिया, भाजपा नेता बुद्धिप्रकाश आर्य की पुत्रवधू मेघा कटारिया तथा मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के निर्वाचन क्षेत्र से प्रियंका बैरवा और सविता कुमारी बैरवा के नाम जिला प्रमुख पद की दौड़ में चर्चा में हैं। मतगणना के बाद जिला परिषद में दलों की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही जिला प्रमुख पद के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ और रणनीति का दौर शुरू होने की संभावना है।
निवाई पंचायत समिति में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
निवाई पंचायत समिति की 29 सीटों पर 92 उम्मीदवारों के चुनाव परिणाम क्षेत्र की राजनीतिक दिशा तय करेंगे। निवाई प्रधान का पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा अपनी सत्ता कायम रखने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस पंचायत समिति पर कब्जा जमाने के लिए जोरदार मुकाबले में उतरी है।
कांग्रेस खेमे से किसान नेता श्रीराम चौधरी, कांग्रेस से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरी चंद्रकला मांगीलाल गुर्जर, अनिता देवनारायण (पीटीआई), फूलचंद लांगड़ी और राजेश चौधरी प्रमुख दावेदारों में माने जा रहे हैं। भाजपा की ओर से उनियारा की पूर्व प्रधान ममता चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवराज गुर्जर, इंदूबाला गुर्जर, रामेश्वर बेनीवाल, पूर्व प्रधान रामावतार लांगड़ी सहित अन्य प्रत्याशियों पर नजरें टिकी हैं।
आठ पंचायत समितियों के परिणाम पर रहेगी नजर
जिले की अन्य पंचायत समितियों में भी चुनावी मुकाबला रोचक बना हुआ है। देवली पंचायत समिति की 25 सीटों, मालपुरा की 15, उनियारा की 23, पीपलू की 17, पचेवर की 15, टोंक की 17 और टोडारायसिंह की 19 सीटों के परिणाम शुक्रवार को घोषित होंगे।
मतगणना के साथ ही जिले में किस पार्टी को ग्रामीण मतदाताओं का समर्थन मिला, किन क्षेत्रों में समीकरण बदले और पंचायत राज संस्थाओं पर किस दल का दबदबा कायम हुआ, इसका खुलासा हो जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम आगामी ग्रामीण राजनीति और स्थानीय विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement