Advertisement
टोंक पंचायत चुनाव में चौंकाने वाले नतीजे: कहीं मां-बेटी बनीं सरपंच तो कहीं एक वोट से मिली जीत, वर्षों से चले आ रहे कई चुनावी मिथक भी टूटे

टोंक। पंचायत राज चुनाव 2026 में जिले की ग्राम पंचायतों के परिणामों ने कई दिलचस्प और चौंकाने वाले राजनीतिक समीकरण सामने रखे हैं। कहीं मां-बेटी ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों से सरपंच बनकर इतिहास रचा तो कहीं प्रत्याशी को महज एक वोट से जीत मिली। कुछ ग्राम पंचायतों में पूर्व सरपंचों और उनके परिजनों पर ग्रामीणों ने दोबारा भरोसा जताया। वहीं कई गांवों में वर्षों से चले आ रहे चुनावी मिथक भी टूट गए। इन नतीजों ने जिले के ग्रामीण राजनीतिक परिदृश्य में नई चर्चा छेड़ दी है।
मां-बेटी ने अलग-अलग पंचायतों में लहराया परचम
पीपलू पंचायत समिति की दो ग्राम पंचायतों में मां और बेटी ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर अनूठी मिसाल कायम की है। ग्राम पंचायत डारड़ातुर्की से नन्दू देवी सरपंच निर्वाचित हुईं, जबकि उनकी बेटी मनीषा सम्पत गुर्जर ने ग्राम पंचायत छान से जीत हासिल की।
एक ही परिवार की दो पीढ़ियों का अलग-अलग ग्राम पंचायतों का नेतृत्व करने के लिए चुना जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित मां-बेटी को बधाई देते हुए इसे महिला सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक भागीदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।
महज एक वोट से रजनी देवी बनीं सरपंच
टोंक पंचायत समिति की नवसृजित ग्राम पंचायत नूरपुरा खेड़ा में सरपंच पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मतगणना में रजनी देवी को 294 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी जैना देवी को 293 वोट प्राप्त हुए। इस तरह महज एक वोट के अंतर से रजनी राजवंशी ने जीत दर्ज कर सरपंच पद हासिल किया। इस परिणाम ने साबित कर दिया कि पंचायत चुनाव में एक-एक वोट कितना महत्वपूर्ण होता है।
इन प्रत्याशियों ने सबसे बड़े अंतर से दर्ज की जीत
जिले की कई ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत हासिल कर अपनी मजबूत जनाधार का प्रदर्शन किया।
झिलाय ग्राम पंचायत से उम्मेद कसाना ने 1,631 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर सबसे बड़ी जीत हासिल की। इसी प्रकार सिरस ग्राम पंचायत से नीलू देवी ने पारो को 1,320 मतों से हराया। खणदेवत में मुकेश मीणा ने मांगीलाल को 1,278 मतों से पराजित किया, जबकि पालड़ा ग्राम पंचायत से रामस्वरूप मीणा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोसमी देवी को 1,061 मतों से शिकस्त दी।
कहीं सरपंच-सेक्रेटरी भाई-भाई, तो कहीं परिवार को मिली जिम्मेदारी
जिले की नवगठित ग्राम पंचायतों में दो ऐसे दिलचस्प मामले भी सामने आए हैं, जहां सरपंच निर्वाचित हुए छोटे भाई के बड़े भाई ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
ग्राम पंचायत दहलोद से सम्पत सिंह देवल सरपंच निर्वाचित हुए हैं, जबकि उनके बड़े भाई गिरधर सिंह देवल ग्राम विकास अधिकारी हैं। इसी तरह करेड़ा ग्राम पंचायत से अनिल कुमावत ने सरपंच पद पर जीत हासिल की है और उनके बड़े भाई सुनील कुमावत ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
पुराने सरपंचों और उनके परिजनों पर फिर जताया भरोसा
पंचायत चुनाव में कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने पुराने जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल और प्रभाव को देखते हुए उन्हें या उनके परिजनों को फिर मौका दिया।
अरनिया ग्राम पंचायत में महिला आरक्षण के चलते पूर्व सरपंच हंसराज फागना की मां प्रहलादी देवी सरपंच निर्वाचित हुईं। हंसराज फागना की पत्नी वर्तमान में टोंक पंचायत समिति की प्रधान हैं और पूर्व में सरपंच भी रह चुकी हैं।
देवली भांची ग्राम पंचायत में रामराय भड़ाना चौथी बार सरपंच निर्वाचित हुए। इससे पहले वह दो बार स्वयं और एक बार उनकी पुत्री उगन्ता सरपंच रह चुकी हैं।
घास पंचायत में पूर्व सरपंच मुकेश गुर्जर की मां कन्या देवी को ग्रामीणों ने अपना समर्थन दिया। छाणबाससूर्या से संतरा देवी पत्नी आरडी गुर्जर लगातार दूसरी बार सरपंच निर्वाचित हुईं। सांखना पंचायत में शिवनन्दन चौधरी और मण्डावर में देवालाल गुर्जर को ग्रामीणों ने फिर मौका दिया।
वहीं मोडियाला ग्राम पंचायत में पूर्व सरपंच एवं डीआर रहे दुर्गालाल बैरवा के भाई की पत्नी निर्मला देवी ने सरपंच पद पर जीत हासिल की।
जनप्रतिनिधियों के परिवारों को भी मिला जनता का समर्थन
पंचायत चुनाव में जिला परिषद और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधियों के परिवारों को भी ग्रामीणों का समर्थन मिला। जिला परिषद सदस्य सम्पत महुवा की पत्नी मनीषा गुर्जर ग्राम पंचायत छान से सरपंच निर्वाचित हुईं। इसी प्रकार कांग्रेस नेता शिवजीराम के परिवार की महिला प्रत्याशी ने झालरा ग्राम पंचायत से जीत दर्ज की।
निर्विरोध सरपंच बनाकर ग्रामीणों ने दिया जनसेवा का इनाम
चुनाव में जनसेवा और ग्रामीणों के विश्वास का एक और उदाहरण देखने को मिला। खरेड़ा के सरपंच रामचन्द्र गुर्जर को नवसृजित ग्राम पंचायत काकलवाड़ के ग्रामीणों ने निर्विरोध सरपंच चुन लिया। ग्रामीणों का यह निर्णय उनके प्रति विश्वास और स्वीकार्यता को दर्शाता है।
कई गांवों में टूटे वर्षों पुराने चुनावी मिथक
इस बार पंचायत चुनाव में कई ऐसे परिणाम भी सामने आए, जिन्होंने लंबे समय से चली आ रही चुनावी धारणाओं को बदल दिया। झिलाय ग्राम पंचायत में लंबे समय से गुर्जर समाज के सरपंच को लेकर ग्रामीणों में सहमति नहीं बन पाती थी, जबकि डीआर और सीआर चुनावों में इसी समाज के प्रत्याशियों को समर्थन मिलता रहा था। इस बार उम्मेद कसाना ने 1,631 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर इस धारणा को बदल दिया।
इसी तरह देवड़ावास, पनवाड़, राजमहल, कासीर, बोटूंदा, मालेड़ा, अरनियामाल, मालेड़ा चन्दवाड़ और डाबरकलां सहित कई गांवों में पहली बार गुर्जर समाज के प्रत्याशी सरपंच निर्वाचित हुए।
कुल मिलाकर टोंक जिले के पंचायत राज चुनाव 2026 के नतीजों में महिला नेतृत्व, पारिवारिक राजनीतिक प्रभाव, पुराने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा, करीबी मुकाबले और सामाजिक समीकरणों में बदलाव की तस्वीर देखनेनीति में नए नेतृत्व के साथ कई पुराने चेहरों की पकड़ भी उजागर की है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
टोंक
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


