KDA and Municipal Corporation Should Formulate Plans to Increase Revenue from Their Assets; Ensure Timely Completion of Development Projects: Jhabar Singh Kharra-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अपनी संपत्तियों से आय बढ़ाने की योजना तैयार करें केडीए और निगम, विकास कार्यों को समयबद्धता से पूरा करें : झाबर सिंह खर्रा

khaskhabar.com: गुरुवार, 05 नवम्बर 2026 6:42 PM (IST)
अपनी संपत्तियों से आय बढ़ाने की योजना तैयार करें केडीए और निगम, विकास कार्यों को समयबद्धता से पूरा करें : झाबर सिंह खर्रा
कोटा। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा ने गुरुवार को सर्किट हाउस में कोटा विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में बजट घोषणाओं, विकास कार्यों, सफाई, ड्रेनेज आदि मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। नगरीय विकास मंत्री ने निर्देश दिए कि केडीए एवं निगम अपनी संपत्तियों को चिह्नित कर उनका ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण करें। अनुपयोगी पड़ी संपत्तियों को आय सृजन के स्रोत के रूप में विकसित करें। जिन संपत्तियों पर अतिक्रमण है उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों को समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। कोटा विकास प्राधिकरण से संबंधित कार्यों में निर्माणाधीन एवं स्वीकृत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। यूडीएच मंत्री ने निर्देश दिए कि बड़ी परियोजनाओं में आरंभिक स्तर पर ही संभावित बाधाओं को ध्यान में रखते हुए परमिशन इत्यादि आवश्यक कार्रवाई समय रहते कर ली जाए ताकि काम शुरू होने के बाद किसी तरह की रुकावट ना आए। बीच में किसी कारण से कार्य रुकने पर बजट में वृद्धि होती है और कार्य में विलंब होता है। उन्होंने नई आवासीय योजनाएं विकसित करने और पुरानी योजनाओं में खाली रहे भूखंडों के लिए नए सिरे से विक्रय का प्लान बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रेनेज कार्य पूरी निगरानी के साथ किया जाए और इनलेट आउटलेट पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बाद में कोई समस्या नहीं बने। केडीए एवं नगर निगम के सभी कार्य, योजनाएं एवं शिकायत निस्तारण तंत्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित किए जाएं ताकि आमजन घर बैठे ही योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कोटा विकास प्राधिकरण में यह कार्य इसी वर्ष पूरा हो जाएगा।
नगर निगम की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कचरा डंपिंग वाले स्थानों को खाली करते हुए उस भूमि के उपयोग की योजना तैयार करें। इसी तरह अन्य अनुपयोगी पड़ी जमीनों के लिए कार्य योजना बनाई जाए कि उनका उपयोग किस तरह हो सकता है जिससे आय में वृद्धि हो सके।
यूडीएच मंत्री ने स्वच्छता, रोशनी कचरा प्रबंधन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के साथ ही पीएम स्वनिधि निधि, पीएम आवास, अन्नपूर्णा रसोई, अग्निशमन व्यवस्थाएं, शहरी रोजगार गारंटी योजना, रोजगार सृजन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और इन सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement