BJP Workers Convention: Deliberations Held on Panchayati Raj Elections-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पंचायतीराज चुनाव को लेकर हुआ मंथन, प्रत्याशियों के समर्थन में जुटने का आह्वान

khaskhabar.com: मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 5:50 PM (IST)
भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पंचायतीराज चुनाव को लेकर हुआ मंथन, प्रत्याशियों के समर्थन में जुटने का आह्वान
जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की, पंचायत समिति सदस्य का टिकट मांगने वालों ने जमा करवाए बायोडाटा रूपवास (भरतपुर)। कस्बे के लीला श्याम मैरिज होम में भारतीय जनता पार्टी रूपवास की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पंचायतीराज चुनाव को लेकर चर्चा की गई तथा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा के मुख्य आतिथ्य तथा मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन की मजबूती तथा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में भाजपा राजस्थान के पूर्व प्रदेश मंत्री भानुप्रताप सिंह राजावत, पूर्व विधायक गुटियारी लाल, प्रभारी धीरसिंह जादौन, जिला मंत्री नवीन कुमार दुबे, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष खजान सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर, सत्यप्रकाश गुर्जर, हरभान सिंह, टीकम सिंह, हम्बीर सिंह, दीपक परमार तथा आईटी संयोजक कृष्णा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों ने मां भारती एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।
पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जुटने का आह्वान
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतीराज चुनाव में सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जुटें। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी प्रत्याशियों को मजबूती मिलेगी और वे भारी मतों से जीत हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और चुनाव में उनकी भूमिका निर्णायक रहती है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
टिकट के दावेदारों ने जमा करवाए बायोडाटा
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बायोडाटा जमा करवाए। इस दौरान पंचायतीराज चुनाव में पार्टी की तैयारियों और संभावित प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चा का माहौल रहा। सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों, मंडल स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। सम्मेलन को आगामी पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement