AAP encircles BJP: Said- New paid parking policy will ruin Chandigarh business and tourism-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 8:28 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आप ने भाजपा को घेराः कहा- चंडीगढ़ के कारोबार व टूरिज्म को चौपट कर देगी नई पेड पार्किंग पॉलिसी

khaskhabar.com: शुक्रवार, 28 जुलाई 2023 4:53 PM (IST)
आप ने भाजपा को घेराः कहा- चंडीगढ़ के कारोबार व टूरिज्म को चौपट कर देगी नई पेड पार्किंग पॉलिसी
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने शहर में पेड पार्किंग के मुद्दे पर भाजपा को फिर घेरा है। आरोप लगाया कि मेयर अनूप गुप्ता सिर्फ भाजपा के भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ऐेसे मुद्दों को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं, जिनका चंडीगढ़ के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। चंडीगढ़ के निवर्तमान मेयर, आम आदमी पार्टी के पूर्व सह प्रभारी एवं पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम हाउस की मीटिंग में पेड पार्किंग के एजेंडे को जिस तरीके से मिनटों में पास किया गया, उससे भ्रष्टाचार की बू आ रही है। भाजपा मेयर यदि वास्तव में चंडीगढ़ के लोगों को राहत देना चाहते हैं तो उन्हें शहर में पार्किंग व्यवस्था को बिल्कुल फ्री करना चाहिए था। लेकिन उन्होंने मामूली राहत का ढिंढोरा पीटकर पेड पार्किंग के ठेकों में हो रहे गोलमाल पर पर्दा डालने की कोशिश की है।
यहां जारी एक बयान में पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहाकि पेड पार्किंग को लेकर नगर निगम का ताजा फैसला चंडीगढ़ के टूरिज्म और कारोबार को चौपट करके रख देगा। क्योंकि दूसरे राज्यों के रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के लिए पार्किंग फीस डबल करना कोई बुद्धिमानी वाला निर्णय नहीं है।
छाबड़ा ने कहा कि मेयर अनूप गुप्ता अमित शाह या चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित की नकल न करें। उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए कि चंडीगढ़ पंजाब तथा हरियाणा की राजधानी भी है। चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा पंजाब व हरियाणा के सचिवालयों में हर रोज दोनों राज्यों से सैकड़ो कर्मचारी तथा आम लोग आते हैं।
पीजीआई में हर दिन हजारों लोग पंजाब, हरियाणा और हिमाचल से इलाज के लिए आते हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ में बड़ी संख्या में पर्यटक भी आते हैं। दूसरे राज्यों के वाहनों के लिए पार्किंग फीस डबल करने के फैसले से न केवल चंडीगढ़ का टूरिज्म प्रभावित होगा, बल्कि यहां के व्यापारियों के कारोबार पर भी असर पड़ेगा। बाहरी राज्यों से आने वाली सब्जियां तथा फल महंगे होंगे। सेब के व्यापारी पहले ही चंडीगढ़ आने से परहेज कर रहे हैं।
छाबड़ा ने कहाकि भाजपा मेयर द्वारा बाहर से आने वाली गाड़ियों पर पार्किंग के डबल चार्जेज लगाने और फिर पंजाब तथा हरियाणा की सरकारों से कहना कि डम्पिंग ग्राउंड के लिए जगह दे दो तो ये डबल फीस नहीं लगेगी, यह तरीका भाजपा की हिटलरशाही को दर्शाता है।
छाबड़ा ने कहा कि भाजपा पेड पार्किंग पॉलिसी को लेकर चंडीगढ़वासियों के लिए मुसीबत खड़ी न करे, बल्कि जैसे पब्लिक टॉयलेट व आरडब्ल्यूए को शहर के पार्को के रखरखाव का जिम्मा दिया गया है, उसी तरह बाजारों में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था मार्केट एसोसिएशनों के हवाले करे। मार्केट एसोसिएशनें इस जिम्मेदारी को लेने के लिए तैयार भी हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement