Rajbir Ghummans Contempt Petition Against CBI Dismissed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 8, 2026 7:54 pm
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

सीबीआई के खिलाफ राजबीर घुम्मन की अवमानना याचिका खारिज

khaskhabar.com: सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 9:29 PM (IST)
सीबीआई के खिलाफ राजबीर घुम्मन की अवमानना याचिका खारिज
-विशेष अदालत ने कहा, तलाशी पूरी होने के बाद एफआईआर अपलोड करने से अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना नहीं हुई चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) राजबीर सिंह घुम्मन की ओर से सीबीआई के खिलाफ दायर अवमानना याचिका को चंडीगढ़ की विशेष सीबीआई अदालत ने सोमवार को खारिज कर दिया। घुम्मन ने आरोप लगाया था कि अदालत के आदेश के बावजूद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर मीडिया में लीक कर दी थी। अदालत ने एफआईआर को अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने से छूट दी थी। विशेष जज भावना जैन ने कहा कि अदालत ने सीबीआई को अगले आदेश तक एफआईआर अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने से प्रतिबंधित नहीं किया था। छह अक्टूबर को दी गई छूट जांच के शुरुआती चरण तक सीमित थी, ताकि तलाशी अभियान चलाने से पहले साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके।
जज ने कहा कि सीबीआई अधिकारियों की ओर से एफआईआर को अपनी वेबसाइट पर अपलोड करना अदालत के निर्देशों का जानबूझकर उल्लंघन नहीं था। अदालत ने स्पष्ट किया कि जानबूझकर आदेश की अवहेलना किए जाने का कोई मामला नहीं बनता।
अपनी याचिका में घुम्मन ने आरोप लगाया था कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अदालत ने एफआईआर को वेबसाइट पर अपलोड करने से छूट दी थी, इसके बावजूद सात अक्टूबर को इसे प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित कर दिया गया। उन्होंने दावा किया था कि एफआईआर सीबीआई के कब्जे में थी और इसे मीडिया में प्रसारित करने के पीछे राजनीतिक मंशा थी। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की थी।
याचिका का विरोध करते हुए सीबीआई ने अदालत को बताया कि उसने तलाशी अभियान से पहले आरोपियों को सतर्क होने से रोकने के लिए एफआईआर अपलोड करने से छूट मांगी थी। एजेंसी को आशंका थी कि आरोपियों को तलाशी की जानकारी मिलने पर वे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नष्ट कर सकते हैं या उनके साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। सीबीआई ने दलील दी कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद एफआईआर को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार वेबसाइट पर अपलोड किया गया था।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि सीबीआई ने तलाशी वारंट जारी करने की मांग भी की थी और इससे संबंधित आवेदन को सीलबंद लिफाफे में रखा गया था। एफआईआर को सार्वजनिक करने से रोकने का उद्देश्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखना और संदिग्धों को तलाशी अभियान के उद्देश्य को विफल करने से रोकना था।
अदालत ने कहा कि तलाशी वारंट का उद्देश्य पूरा हो जाने के बाद सीबीआई अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एफआईआर अपलोड करने का अधिकार रखती थी। इस संबंध में अदालत ने यूथ बार एसोसिएशन ऑफ इंडिया बनाम भारत संघ मामले में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का भी उल्लेख किया।
जज ने यह भी गौर किया कि घुम्मन ने सात अक्टूबर को एफआईआर की प्रमाणित प्रति मांगी थी। इस आवेदन पर सुनवाई के दौरान सीबीआई के सरकारी वकील ने अदालत को बताया था कि एफआईआर उसी दिन दोपहर करीब 1.20 बजे एजेंसी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थी। आदेश के अनुसार, घुम्मन ने इसके बाद उसी दिन शाम करीब चार बजे अवमानना याचिका दायर की थी।
अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए एफआईआर को अपलोड करने से रोकने का उद्देश्य पूरा होने के बाद ही सीबीआई ने इसे अपनी वेबसाइट पर डाला था। अदालत ने याचिका को आधारहीन मानते हुए खारिज कर दिया।
सीबीआई की आर्थिक अपराध-द्वितीय शाखा, नई दिल्ली ने पांच अक्टूबर को घुम्मन और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) और 420 (धोखाधड़ी) के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement