फगवाड़ा। स्थानीय हरगोबिंद नगर में रेहड़ी-फड़ी यूनियन तथा आटो रिक्शा यूनियन की ओर से सांझा मजदूर सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी सदस्य जरनैल नंगल थे। यूनियन के प्रधान बलविन्द्र बोध की अगुवाई में आयोजित उक्त समागम में दोनों यूनियनों के सदस्य तथा नंगल समर्थक भारी संख्या में एकत्रित हुए। अपने संबोधन में जरनैल नंगल ने कहा कि यदि सभी मजदूर एक प्लटेफार्म पर इक_े होकर आपसी एकजुटता दिखाएं तो दुनिया की कोई भी ताकत उनसे धक्केशाही नहीं कर सकती। उन्होंने नगर निगम कमीश्रर को चेतावनी दी कि वे सरकार के इशारे पर गरीबों को तंग करना बंद कर दें वरना यही गरीब लोग एकजुट होकर उन्हें सबक सिखायेंगे। हलका विधायक सोमप्रकाश पर हमला बोलते हुए नंगल ने कहा कि विधायक को अपना विरोध पसंद नहीं है। वह अपने चहेतों के इशारे पर गरीब जनता को लूट व पीट रहे हैं। जो आवाज विधायक के खिलाफ उठती है उसे झूठा पुलिस केस बना कर दबाने का प्रयास किया जाता है लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में फगवाड़ा के मतदाता विधायक को करारा सबक सिखायेंगे। नंगल ने कहा कि मजदूर हितों के लिए वे बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने को भी सदैव तैयार हैं। इससे पहले विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि जब भी उन्हें जरूरत पड़ी तो किसी भी पार्टी का कोई नेता समर्थन में नहीं आया लेकिन जरनैल नंगल उनके दुख सुख के साथी हैं। जब भी सरकारी अथवा गैर सरकारी तौर पर उनके साथ धक्केशाही करने की कोशिश की गई तो जरनैल नंगल सदैव चट्टान की तरह मजबूती के साथ उनके हक में खड़े हुए हैं। अंत में वहां हजारों की संख्या में मौजूद मजदूरों एवं नंगल समर्थकों ने हाथ उठा कर जरनैल नंगल का समर्थन किया व कहा कि 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में वे तन-मन-धन से जरनैल नंगल का समर्थन व सहयोग करेंगे।