Fake cigarette manufacturing gang busted in Noida, two accused arrested, 4,940 empty cartons and three wrapping machines recovered-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नोएडा में नकली सिगरेट बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 4940 खाली डिब्बियां और तीन रैपिंग मशीन बरामद

khaskhabar.com: शनिवार, 14 नवम्बर 2026 5:06 PM (IST)
नोएडा में नकली सिगरेट बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 4940 खाली डिब्बियां और तीन रैपिंग मशीन बरामद
नोएडा । गौतमबुद्धनगर में नकली उत्पादों की बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ थाना फेस-2 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नकली सिगरेट को नामी कंपनियों के असली डिब्बों में पैक करके बाजार में बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मशीनों की मदद से सिगरेट के खाली डिब्बों को दोबारा रैप कर उन्हें असली जैसा रूप देते थे। इसके बाद इन नकली सिगरेटों को छोटे दुकानदारों को असली बताकर सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की कुल 4940 खाली सिगरेट की डिब्बियां, तंबाकू, तैयार सिगरेट, पैकिंग करने वाली तीन मशीनें और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को नकली सिगरेट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुस्ता रोड, ककराला के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी पुत्र महावीर सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे खाली सिगरेट के डिब्बों में तंबाकू भरकर नकली सिगरेट तैयार करते थे। इसके बाद इन सिगरेटों को गोल्ड फ्लैक और कैप्सटन जैसे ब्रांड के खाली डिब्बों में रखकर मशीनों की मदद से दोबारा रैप किया जाता था। पैकिंग इस तरह की जाती थी कि देखने में डिब्बियां असली जैसी लगें और दुकानदार आसानी से धोखा खा जाएं। आरोपी इन नकली सिगरेटों को छोटे दुकानदारों को असली ब्रांड का उत्पाद बताकर बेचते थे और इस धोखाधड़ी के जरिए मुनाफा कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3500 गोल्ड फ्लैक और 1440 कैप्सटन ब्रांड की खाली सिगरेट की डिब्बियां बरामद की हैं। इसके अलावा 700 ग्राम खुला तंबाकू, गोल्ड फ्लैक की 128 सिगरेट और कैप्सटन की 57 सिगरेट भी मिली हैं। नकली सिगरेट की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें भी पुलिस ने जब्त की हैं। वहीं, तैयार माल की सप्लाई और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा गैलांजा कार भी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपी संदीप (28) मूल रूप से बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह बिसरख थाना क्षेत्र के रोजा जलालपुर स्थित वीआईपी होम्स में रह रहा था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। वहीं, दूसरा आरोपी संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी (25) मूल रूप से बुलंदशहर जिले के डिबाई थाना क्षेत्र के उमरारी गांव का निवासी है। वर्तमान में वह फेस-3 थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में रह रहा था। उसकी शिक्षा आठवीं तक है।
पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी संदीप उर्फ संजीव के खिलाफ बुलंदशहर जिले के पहासू थाने में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना फेस-2 पुलिस ने मुकदमा संख्या 535/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 349 और ट्रेड मार्क एक्ट की धारा 104 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आए मुख्य आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इस कार्रवाई के बाद नकली ब्रांडेड सिगरेट के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितने दुकानदारों को नकली सिगरेट सप्लाई कर चुके हैं और इस अवैध कारोबार का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement