Traffic diversions in Noida and Greater Noida for Chhath Puja; movement of cargo vehicles prohibited on November 15-16-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

छठ पूजा को लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, 15-16 नवंबर को मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रहेगी रोक

khaskhabar.com: शनिवार, 14 नवम्बर 2026 5:17 PM (IST)
छठ पूजा को लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन, 15-16 नवंबर को मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रहेगी रोक
नोएडा । छठ पूजा के पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का डायवर्जन किया जाएगा। इस दौरान आवश्यकता के अनुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में छठ पूजा का आयोजन मुख्य रूप से यमुना नदी (कालिंदी कुंज), हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर/बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में प्रस्तावित है। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में लोगों को जाम से बचाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को डीएनडी और चिल्ला मार्ग से अपने गंतव्य तक जाने की सुविधा मिलेगी। इसी तरह सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन डीएनडी और चिल्ला होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 की ओर जाने वाले यातायात को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर आगे जा सकेंगे। वहीं, फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को फेस-2 से ककराला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन सोरखा और बिसरख होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। किसान चौक से पर्थला की ओर जाने वाले यातायात को किसान चौक से बिसरख की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन बिसरख से सोरखा होते हुए पर्थला पहुंच सकेंगे।
इसके अलावा पर्थला से किसान चौक की ओर जाने वाले वाहनों को पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन सोरखा और बिसरख होकर किसान चौक की ओर जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। चिकित्सा सेवाओं से जुड़े वाहनों और फायर सर्विस की गाड़ियों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें बिना रुकावट घटनास्थल तक पहुंचाया जा सके।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और अनावश्यक रूप से आयोजन स्थलों की तरफ जाने वाले मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें। किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यातायात संबंधी परेशानी या जानकारी के लिए लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और व्हाट्सएप नंबर 7065100100 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से भी यातायात पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। यातायात पुलिस का कहना है कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू रहेगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement