khaskhabar.com: शुक्रवार, 26 अगस्त 2016 7:41 PM (IST)
इससे पहले रोज गार्डन में प्रदेश के
विभिन्न जिलों से आए हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवीन
जयहिंद ने कहा कि हरियाणा की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद
चुनाव के दौरान किए गए सभी 154 वादे भूल चुकी है। भाजपा ने स्वामीनाथन आयोग
की रिपोर्ट लागू करने का झांसा देकर हरियाणा में किसानों के वोट हासिल
किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद रिपोर्ट लागू करना तो दूर आज बहुराष्ट्रीय
कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए जबरन फसल बीमा योजना लागू की जा रही है।
दो दिन पहले मेवात में हुई घटना ने हरियाणा को पूरे विश्व में शर्मसार कर
दिया है। इससे पहले भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में रोहतक, यमुनानगर समेत
कई स्थानों पर सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हो चुकी हैं। रोज गार्डन में
धरने के बाद आम कार्यकर्ताओं ने जब मटका चौक से विधानसभा की तरफ कूच किया
तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके चलते आप कार्यकर्ताओं व पुलिस में तीखी
झड़प हुई। पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं को बिखेरने के लिए पानी की बौछारों का
इस्तेमाल किया। इस पर भी आप कार्यकर्ता आगे बढऩे से नहीं रुके तो पुलिस ने
लाठीचार्ज करके उग्र भीड़ को नियंत्रित किया। इस भगदड़ में आप के दर्जनों
कार्यकर्ता चोटिल हो गए। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से आप के कार्यकर्ताओं
को हिरासत में भी लिया।