BJP Government Suppressing Students Voices by Not Holding Student Union Elections: Digvijay Chautala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

छात्रसंघ चुनाव न करवाकर विद्यार्थियों की आवाज दबा रही भाजपा सरकार : दिग्विजय चौटाला

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 6:03 PM (IST)
छात्रसंघ चुनाव न करवाकर विद्यार्थियों की आवाज दबा रही भाजपा सरकार : दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार ने हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था का भट्ठा बैठा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और विद्यार्थियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग उठाते हुए कहा कि छात्र राजनीति युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम है। राज्य सरकार को बिना देरी युवाओं के हित में प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से छात्रसंघ चुनाव करवाने चाहिए। दिग्विजय चौटाला बुधवार को हिसार में आयोजित छात्र संवाद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार जानबूझकर छात्रसंघ चुनावों को टाल रही है, जिससे विद्यार्थियों की आवाज दब रही है। छात्र संघ चुनाव लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है और इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं, फीस वृद्धि, शैक्षणिक सुविधाओं और कॉलेज परिसरों से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए एक मजबूत मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधियों के अभाव में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं की प्रभावी सुनवाई नहीं हो पा रही है। विश्वविद्यालयों के माहौल पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में आरएसएस को खुली छूट दी जा रही है। भाजपा और आरएसएस के कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति दी जाती है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों के कार्यक्रमों पर रोक लगाई जाती है। उन्होंने इसे शिक्षण संस्थानों का राजनीतिकरण और भगवाकरण बताते हुए दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी विद्यार्थियों के अधिकारों, छात्र संघ चुनावों की बहाली और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। दिग्विजय चौटाला ने ये भी कहा कि भाजपा सरकार की अनदेखी के कारण प्रदेश के सरकारी स्कूलों की हालत बेहद खराब है। कहीं स्कूलों की छतें जर्जर है तो कहीं विद्यार्थियों के लिए पीने के स्वच्छ पानी तक की व्यवस्था नहीं है। हाल ही में कई स्कूलों में पेयजल के नमूने फेल होने की रिपोर्ट सामने आई, जो बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शौचालयों की उचित व्यवस्था नहीं है और विद्यार्थियों को मिड-डे मील भी समय पर और पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा। इस अवसर पर अनेक युवाओं ने जेजेपी के छात्र संगठन इनसो में शामिल होने की घोषणा की। दिग्विजय चौटाला और इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने युवाओं का इनसो में स्वागत किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement