Advertisement
लालसोट समाचार : खेलों के माध्यम से प्रतिभाएं देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर तक करें रोशन : रामविलास मीणा

लालसोट। गांव-गांव की पगडंडियों से प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मैदान तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को लालसोट के लाल क्लब खेल मैदान में रंजीत रनिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक रामविलास मीणा ने किया।
इस अवसर पर विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध करवाने की है। रंजीत रनिंग चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेंगी। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का जज्बा पैदा होगा। उन्होंने युवाओं से सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेलों से व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा, अंतरराष्ट्रीय धावक गोवर्धन मीणा एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट जय मीणा ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल प्रतिभाओं की भरमार है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच और अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
समापन समारोह में नगर परिषद उपसभापति बृजमोहन सैनी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
**बनवारी लाल ने जीती 11 हजार की ट्रॉफी**
प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में बनवारी लाल मीणा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र हासिल किया। द्वितीय स्थान पर रहे दीपेंद्र सिंह को 5100 रुपए तथा तृतीय स्थान पर रहे राहुल मीणा को 2100 रुपए देकर सम्मानित किया गया। इस स्पर्धा में दसवें स्थान तक रहने वाले सभी प्रतिभागियों को 500 रुपए नकद एवं प्रतीक चिह्न, मेडल और ट्रॉफी प्रदान की गई।
इसी प्रकार 200 मीटर दौड़ में कुलदीप गुर्जर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 2100 रुपए का पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान पर रहे अर्जुन सैनी को 1100 रुपए तथा तृतीय स्थान पर रहे मोहित जांगिड़ को 551 रुपए प्रदान किए गए। इस स्पर्धा में दसवें स्थान तक रहने वाले सभी प्रतिभागियों को 100 रुपए नकद, प्रतीक चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता शंभूलाल कुईवाला, कमलेश लोटन, सरपंच घनश्याम मीणा, बृजमोहन मीणा, नगरी आवास पार्षद बबलू सैनी, रामअवतार जोरवाल, रमेश सैनी खटवा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिनव त्रिपाठी ने किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए खेल मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
आयोजन के संबंध में रामअवतार जोरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें बड़े खेल मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करना है।
**निर्झरना में सरपंच बुलबुल राजावत ने घूंघट की ओट से ली शपथ, टोरड़ा में सीताराम बैरवा ने विधि-विधान से किया पदभार ग्रहण**
लालसोट। उपखंड क्षेत्र में शनिवार को नवनिर्वाचित सरपंचों द्वारा ग्राम पंचायतों में पदभार ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में निर्झरना और टोरड़ा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान नवनिर्वाचित सरपंचों ने ग्रामीणों के विश्वास पर खरा उतरने तथा गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का संकल्प लिया।
**निर्झरना में बुलबुल राजावत ने संभाली कमान**
निर्झरना ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच बुलबुल राजावत ने घूंघट की ओट से शपथ लेते हुए पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। ग्राम पंचायत के समग्र विकास तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रद्युम्न सिंह ने ग्रामीणों को ग्राम पंचायत के समग्र विकास का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में उपसरपंच संतोषी देवी मीणा, वार्ड पंच संतोष शर्मा, पूजा मीणा, शारदा योगी, राजेश मीणा, रामकेश मीणा, अशोक चक्रधारी, सीताराम बैरवा, सोहनलाल पांचाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
**टोरड़ा में सीताराम बैरवा ने संभाली कमान**
इसी प्रकार टोरड़ा ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच सीताराम बैरवा ने स्वास्थ्य केंद्र भवन में अस्थायी रूप से संचालित ग्राम पंचायत कार्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर डीडवाना सरपंच एवं यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक पटेल तथा रालावास के पूर्व सरपंच बद्रीलाल मीणा के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच सीताराम बैरवा ने कहा कि टोरड़ा ग्राम पंचायत का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, पानी, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाएं आम नागरिकों को उपलब्ध करवाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे। चुनाव के दौरान ग्रामीणों से किए गए वादों को पूरा करने के साथ विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
इस अवसर पर रामबाबू गुर्जर, महेश शर्मा, मुकेश शर्मा, प्रहलाद शर्मा, हरियाणवी गुर्जर, रायसिंह गुर्जर, बृजमोहन शर्मा, एएनएम ममता, उपसरपंच ममता शर्मा, सचिन, छोटेलाल बैरवा एवं सहायक सचिव उषा बैरवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
*बिरसा मुंडा जयंती पर महाविद्यालय में मनाया जनजातीय गौरव दिवस, चित्रकला प्रतियोगिता में कोमल सैनी रही प्रथम*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालसोट में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुभाष पहाड़िया ने की।
इस अवसर पर प्राचार्य पहाड़िया ने कहा कि भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और आदिवासी संस्कृति में जनजातीय महापुरुषों का अमूल्य योगदान रहा है। उनका त्याग, बलिदान और संघर्ष देश की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है। ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के तहत डॉ. नीतू श्रीमाली के निर्देशन में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कोमल सैनी ने प्रथम तथा वंदना मीणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति, लोकजीवन, कला एवं स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान से परिचित कराना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलाकृतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली, प्रकृति संरक्षण तथा भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान को आकर्षक रूप में उकेरा।
कार्यक्रम के संयोजक एवं हिंदी विभागाध्यक्ष हनुमान प्रसाद मीना ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करने का अवसर है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक सम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
*पेंशनर्स की सुविधा के लिए 16 नवंबर को लगेगा एक दिवसीय शिविर, जीवन प्रमाण पत्र का होगा सत्यापन*
लालसोट। राजस्थान पेंशनर समाज उपशाखा लालसोट के आग्रह पर पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स की सुविधा के लिए सोमवार, 16 नवंबर को उपकोष कार्यालय लालसोट में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
उपकोष अधिकारी धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि शिविर में लालसोट विधानसभा क्षेत्र के समस्त पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स अपने निर्धारित फार्म, आधार कार्ड एवं पीपीओ की प्रति के साथ उपस्थित होकर जीवन प्रमाण पत्र का सत्यापन करवा सकेंगे। शिविर का विशेष उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स को सुविधा उपलब्ध करवाना तथा उन्हें कार्यालय संबंधी अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाना है।
राजस्थान पेंशनर समाज उपशाखा लालसोट के अध्यक्ष सुरेश त्रिवेदी एवं महामंत्री विमलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी पेंशनर्स के लिए 30 नवंबर 2026 तक जीवन प्रमाण पत्र का सत्यापन करवाना आवश्यक है। निर्धारित समयावधि में सत्यापन नहीं करवाने पर भविष्य में पेंशन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने क्षेत्र के सभी पेंशनर्स से अपील की कि वे 16 नवंबर को आयोजित शिविर का लाभ उठाकर समय रहते अपना जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित करवाएं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


