Inauguration of a Village Legal Aid Clinic in Jirota Khurd as part of NALSA 60-day Mega Drive-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नालसा के 60-दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत ग्राम जीरोता खुर्द में विलेज लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 5:27 PM (IST)
नालसा के 60-दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत ग्राम जीरोता खुर्द में विलेज लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन
दौसा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा विधिक सेवा की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने, जमीनी स्तर पर विधिक सेवाओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले में एक गांव का चयन कर 60-दिवसीय मेगा ड्राइव प्रारम्भ किया गया है। उक्त अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दौसा द्वारा ग्राम पंचायत जीरोता खुर्द का चयन किया गया है। बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल द्वारा चयनित ग्राम पंचायत जीरोता खुर्द में ग्राम विधिक सेवा क्लिनिक का उद्घायन किया गया। उद्घाटन के अवसर पर सचिव महोदय ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ, ग्रामीण और सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों तक निशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। सचिव द्वारा यह भी बताया गया कि 60 दिवस तक चलने वाले इस अभियान के तहत विलेज लीगल एड क्लीनिक पर दो पैरा-लीगल वालंटियर्स की नियुक्ति की गई है। ये दोनों पीएलवी गांव में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों से संपर्क करेंगे, उनकी कानूनी समस्याओं को सुनेंगे तथा उन्हें विधिक अधिकारों और माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी विभिन्न जनकल्याणकारी स्कीमों की जानकारी प्रदान कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ेंगे।
इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान गांव में साप्ताहिक विधिक जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। सचिव द्वारा आमजन से अपील की कि वे प्राधिकरण द्वारा नियुक्त पीएलवी को अपने विधिक अथवा अन्य समस्याओं के बारे में अवगत करायें ताकि उनकी समस्याओं का प्राधिकरण के स्तर पर निस्तारण के प्रयास किए जा सकें। ग्राम विधिक सेवा क्लिनिक के उद्घाटन अवसर पर सरपंच ओम प्रकाश मीणा, भूतपूर्व सरपंच रामजीलाल सैनी, सचिव अंकित मीणा, आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पैरा-लीगल वालंटियर्स एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement