Advertisement
लालसोट समाचार : मारपीट में घायल 22 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने चाकसू अस्पताल में दिया धरना

सूचना मिलते ही परिजन चाकसू अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक के शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान थे। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में धरना शुरू कर दिया तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
समझौते के बाद समाप्त हुआ धरना
एडवोकेट चंद्रभान सिंह ने बताया कि मृतक के पिता चिरंजीलाल गुर्जर ने दतवास पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर घटना के संबंध में कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना था कि पुलिस की ओर से सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वृत्ताधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से समझाइश की। इसके बाद पुलिस-प्रशासन और मृतक के आश्रितों के बीच वार्ता हुई। इसमें आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के आश्रितों में से एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दिलवाने, 25 लाख रुपए का मुआवजा दिलवाने के लिए प्रयास करने तथा मामले को विशेष प्रकरण मानकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने का आश्वासन दिया गया। इन मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
*पपलाज माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, महिला की मौत, 15 घायल*
*सवामणि में शामिल होने नयावास से पपलाज माता जा रहे थे श्रद्धालु, घुमाव पर अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप; तीन की हालत गंभीर*
*लालसोट।* उपखंड के पपलाज क्षेत्र में मंगलवार को सवामणि के आयोजन में शामिल होने पपलाज माता जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी घुमाव पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 15 श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार नयावास गांव से श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर पपलाज माता के दर्शन एवं सवामणि के आयोजन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पपलाज रोड पर घुमाव पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और पिकअप पलट गई। हादसे में वाहन में सवार श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ घायलों को नांगल राजावतान अस्पताल, कुछ को दौसा जिला अस्पताल तथा अन्य घायलों को लालसोट जिला अस्पताल ले जाया गया।
लालसोट जिला अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची नयावास निवासी शिमला बैरवा की मौत हो गई। वहीं दीपिका, अनीता और विजय सहित अन्य घायल श्रद्धालुओं का उपचार जारी है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
थानाधिकारी हरलाल मीणा ने बताया कि हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
*खेत में बबूल के पेड़ पर लटका मिला 19 वर्षीय युवती का शव, परिजनों ने ज्यादती के बाद हत्या का लगाया आरोप*
*सोमवार रात से लापता थी युवती, सुबह खेत में मिला शव; पड़ोसी पर गंभीर आरोप, हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच*
लालसोट। उपखंड के रतनपुरा गांव के समीप खेत में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय युवती का शव बबूल के पेड़ पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने युवती के साथ ज्यादती करने के बाद हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि रतनपुरा गांव में रहने वाली 19 वर्षीय युवती घर से लापता हो गई है। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि खेत में एक बबूल के पेड़ पर युवती का शव लटका हुआ है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार मृतका के परिजन प्रकाश और हरिराम मीणा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि युवती अपनी बुआ के घर आई हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने युवती के साथ ज्यादती करने के बाद उसकी हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
*कृष्ण भक्ति से समाज को जोड़ने की पहल, राधा मार्ग काउंटर वितरण अभियान की सराहना*
*सभापति कपिल पुरोहित बोले- युवा पीढ़ी को संस्कार और आध्यात्मिकता से जोड़ना समय की जरूरत, भगतसिंह आभामंडल की पहल को बताया सराहनीय*
*लालसोट।* समाज में धार्मिक चेतना और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देने के उद्देश्य से भगतसिंह आभामंडल की ओर से संचालित राधा मार्ग काउंटर वितरण अभियान एक अभिनव पहल के रूप में सामने आया है। अभियान के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को प्रभु श्रीकृष्ण के नाम जप और भक्ति मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि समाज में सेवा, संस्कार और आध्यात्मिकता की भावना को मजबूत करना बेहद जरूरी है। प्रभु श्रीकृष्ण के नाम जप के प्रति लोगों में रुचि जागृत करना केवल धार्मिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। भगतसिंह आभामंडल की यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक स्वरूप वही है, जिसमें बिना किसी स्वार्थ के समाज के लोगों को अच्छे विचारों और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जाए। राधा मार्ग काउंटर वितरण अभियान इसी भावना को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम में दीपक पुरोहित, अमन राजपूर्ण, पंडित राजेश खांडल, रोहित सोनी, शुभम, लखन पाटोदिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
*गौपाष्टमी पर गौसेवकों का सम्मान, सेवा और समर्पण को किया नमन*
*नगर परिषद कार्यालय में भुतेश्वर गौशाला अध्यक्ष सहित गौसेवा में जुटे सेवाभावी लोगों का किया सम्मान, उपसभापति बृजमोहन सैनी व पार्षद रहे मौजूद*
लालसोट। गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए निस्वार्थ भाव से जुटे गौसेवकों का गौपाष्टमी के पावन पर्व पर नगर परिषद कार्यालय में सम्मान किया गया। इस दौरान गौसेवकों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद उपसभापति बृजमोहन सैनी, पार्षद ज्ञानी महेन्द्रा एवं बबलू सैनी की मौजूदगी में भुतेश्वर गौशाला के अध्यक्ष रामअवतार शर्मा सहित गौसेवा में सक्रिय लोगों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अक्षित जांगिड़, जीतू गौसेवक, शिवा, मोनू दास स्वामी, सागर शर्मा, दिनेश सैनी, अशोक सैनी, राहुल सैनी, अशोक, अंकुश जोरवाल, यशपाल सैनी एवं चेतन शर्मा सहित अन्य गौसेवकों का सम्मान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गौमाता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। गौसेवक विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ गोवंश की सेवा एवं संरक्षण में जुटे रहते हैं। उनका यह सेवाभाव समाज के अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है।
इस दौरान गौसेवकों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए गौमाता की सेवा और संरक्षण के कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया गया।
*शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर,* *एफएलएन गतिविधियों की हुई समीक्ष**
*सीबीईओ शीला मीना ने अधिकारियों एवं संस्था प्रधानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
लालसोट। समग्र शिक्षा के तत्वावधान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत पीएमश्री श्री अशोक शर्मा राजकीय विद्यालय में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक (बीआरएम) आयोजित हुई। बैठक में ब्लॉक की शैक्षिक प्रगति, विद्यालयों के प्रदर्शन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीना ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करना जरूरी है। निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी संस्था प्रधान गंभीरता से प्रयास करें।
बैठक में एसीबीईओ प्रथम अशोक कुमार शर्मा, एसीबीईओ द्वितीय अमित बड़ाया, आरपी अभिनंदन कुमार त्रिवेदी सहित पीईईओ, यूसीईईओ, प्रधानाचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वप्रथम पिछली बैठक की कार्यवाही एवं निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा की गई। इसके बाद जिला एवं ब्लॉक रैंकिंग, संबलन आंकड़ों और रेड स्कूलों के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने विद्यालयों की शैक्षिक स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। छात्र उपस्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कक्षा 3 तक बुनियादी दक्षताओं पर फोकस
बैठक में एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान) गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। कक्षा 3 तक प्रत्येक विद्यार्थी में भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षताएं विकसित करने तथा गतिविधियों का विद्यालय स्तर पर नियमित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों एवं संस्था प्रधानों ने भी अपने सुझाव साझा किए।
बैठक के अंत में सीबीईओ शीला मीना ने सभी अधिकारियों एवं संस्था प्रधानों से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को सामूहिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
मंच संचालन आरपी अभिनंदन कुमार त्रिवेदी ने किया। बैठक की कार्यवाही का विवरण (एमओएम) श्री चन्द्र प्रकाश जौलिया ने संधारित किया। बैठक व्यवस्था में मयंक शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
**पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए शिविर आयोजित, 181 पेंशनरों का हुआ सत्यापन**
**30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित करवाने की अपील, अन्यथा पेंशन भुगतान में आ सकती है समस्या**
**लालसोट (दौसा)।** राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा लालसोट एवं उपकोष कार्यालय लालसोट के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र सहज और सरल तरीके से सत्यापित किए गए।
उपकोष अधिकारी धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि शिविर में कुल 181 पेंशनरों के जीवन प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर के बाद भी जो पेंशनर उपकोष कार्यालय पहुंचेंगे, उनके जीवन प्रमाण पत्र 30 नवंबर तक सत्यापित किए जाएंगे। उन्होंने पेंशनर्स से निर्धारित अवधि में सत्यापन करवाने की अपील की।
शिविर के आयोजन में उपकोष कार्यालय के कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग रहा। इस दौरान राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा लालसोट के संरक्षक सोहन पाल मरमट, अध्यक्ष सुरेश त्रिवेदी, मंत्री विमलेश कुमार मिश्रा सहित कार्यकारिणी के कई सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंत्री विमलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से सत्यापित करवा लें, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
*गोपाष्टमी पर गौशालाओं में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गायों को खिलाया गुड़-खिचड़ा*
लालसोट। क्षेत्र में मंगलवार को गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अंजनि गौशाला संवासा, भूतेश्वर गौशाला डीडवाना तथा इंदावा गौशाला में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गौशालाओं में श्रद्धालुओं और गौसेवकों ने गायों की पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़, खिचड़ा एवं हरा चारा खिलाया।
गोपाष्टमी के अवसर पर गौशालाओं में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने गायों को तिलक लगाकर पूजा की तथा उनकी सेवा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गौसेवकों ने गौमाता की सेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से गौसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एडवोकेट सुरेश शर्मा एवं उनके परिवारजनों ने गौशाला पहुंचकर गायों को गुड़ और खिचड़ा खिलाया तथा गौसेवा की। वहीं डीडवाना स्थित भूतेश्वर गौशाला में गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में विशाल अन्नकूट कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान गौशालाओं में भक्ति और सेवा का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


