भरतपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में गुरुवार को एक युवक ने देसी कट्टे से खुद को गोली मार ली। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया।
जानकारी के अनुसार युवक का पाई बाग में मेडिकल स्टोर था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। गुरुवार दोपहर दुर्गेश अपनी दुकान बंद कर घर पर खाना खाने आया था। इस दौरान दुर्गेश ने अपने सीने पर गोली चलाकर आत्महत्या कर ली। दुर्गेश आदर्श नगर कॉलोनी में स्वयं के मकान में पत्नी और एक बच्चे के साथ रहता था। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल ले जाने से पहले ही दुर्गेश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे।