चंडीगढ़। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रण सिंह मान ने गुुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में प्रदेश से बाहर के 24 लोगों की लिस्ट (कॉपी संलग्न) जारी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आरएसएस की बन्धक है। लिस्ट के अवलोकन के बाद हर कोई यह जान लेगा कि प्रदेश में जो कुछ हो रहा है वो संघ के इशारे पर हो रहा है व हरियाणा के लोगों का सरकार में वास्ता न के बराबर है। लिस्ट से यह भी स्पष्ट होता है कि क्यों हरियाणा में एक लोकतांत्रिक व लोकहितैषी सरकार नदारद है ? मान ने कहा कि सीएमओ में नियुक्तियां चौकाने वाली तो हैं ही गैरकानूनी भी हैं। सभी नियमों को दरकिनार कर गैर सरकारी लोगों को मनमाफिक वेतन व सुविधायें देकर प्रदेश के खजाने को करोड़ों रूपये का नुकसान हर महीने पहुंचाया जा रहा है।