अजमेर। जेठाना गांव में एक महिला को मजदूरी के बहाने बुलाकर उसके साथ जंगल में दुष्कर्म किया गया, इतना ही नहीं आरोपी की पत्नी ने पीडि़ता को डायन बताकर गांव में बदनाम भी कर दिया। पीडि़ता ने की शिकायत पर मांगलियावास थाना पुलिस ने उसके बयान लेकर मुख्य आरोपी शंकर लाल सहित 5 लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला आयोग के दबाव के बाद सोमवार को मांगलियावास पुलिस ने अजमेर के जेएलएन अस्पताल में पीडि़ता का मेडिकल कराया है।
जानकारी के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व महिला के साथ दुष्कर्म किया गया था। तबसे वह मदद के लिए इधर-उधर भटक रही थी। अजमेर एसपी तक शिकायत पहुंचने पर पुलिस ने कार्रवाई की। इससे पहले मामला सुर्खियों में आने के बाद महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा ने पीडि़ता को फोन पर बात कर आश्वस्त किया कि वे पुलिस अधीक्षक अजमेर से उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाएंगी। इसके बाद भी पीडि़ता का मेडिकल नहीं हुआ तो महिला आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन को पीडि़ता का सहयोग करने के निर्देश दिए। पीडि़ता ने बताया कि 1 साल पूर्व उसके साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी परिजनों को देने के बाद सामाजिक स्तर पर पंचों ने एकत्र होकर बात दबाने के लिए आरोपी को चार हजार रुपए के आर्थिक दंड से दंडित किया था। इसके अलावा पंचों ने आरोपी को पीडि़ता को डायन नहीं बोलने के लिए पाबंद किया। साथ ही परिवार के किसी सदस्य द्वारा ऐसा बोलते पाए जाने पर पांच हजार का जुर्माना देने के निर्देश दिए।