Patwaris personal assistant arrested red-handed while accepting a bribe of ₹7,000 in Haryana; Patwari also taken into custody-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा में 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी का निजी सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार, पटवारी भी पकड़ा

khaskhabar.com: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 5:04 PM (IST)
हरियाणा में 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी का निजी सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार, पटवारी भी पकड़ा
-सोनीपत के कबीरपुर में एसीबी की कार्रवाई, इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति देने के बदले मांगी थी रिश्वत सोनीपत। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने सोनीपत के कबीरपुर क्षेत्र में तैनात हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसके निजी सहायक साहिल को गिरफ्तार किया है। दोनों पर शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम ने निजी सहायक साहिल को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इसके बाद पटवारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इंतकाल दर्ज करने के बदले मांगे थे 7 हजार रुपये

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया था कि हलका पटवारी सुरेश कुमार और उसका निजी सहायक साहिल उसके नाम इंतकाल दर्ज करने और उसकी प्रति उपलब्ध करवाने के बदले 7 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान निजी सहायक साहिल को शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कथित संलिप्तता के आधार पर पटवारी सुरेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
भिवानी एसीबी यूनिट ने बिछाया जाल
यह कार्रवाई एसीबी यूनिट भिवानी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB), भिवानी के एक्सईएन निखिल राठी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
इस मामले में थाना SV&ACB रोहतक में एफआईआर संख्या 36, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 11 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिश्वत मांगने पर 1064 पर करें शिकायत
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या उसकी ओर से काम करने वाला निजी व्यक्ति किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत जरूर दर्ज कराएं।
इसके लिए नागरिक 'सतर्क हरियाणा' मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐप पर शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड किए जा सकते हैं। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement