Panipat Refinery turns into a battlefield: 40,000 workers resort to heavy stone pelting-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:33 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पानीपत रिफाइनरी बना रणक्षेत्र : 40 हजार मजदूरों का भारी पथराव, CISF ने किए हवाई फायर, गाड़ियां पलटीं, पुलिसकर्मियों ने भागकर बचाई जान

khaskhabar.com: मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026 00:32 AM (IST)
पानीपत रिफाइनरी बना रणक्षेत्र : 40 हजार मजदूरों का भारी पथराव, CISF ने किए हवाई फायर, गाड़ियां पलटीं, पुलिसकर्मियों ने भागकर बचाई जान
पानीपत। हरियाणा के पानीपत स्थित रिफाइनरी में सोमवार को उस समय युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई, जब हजारों की संख्या में मजदूर उग्र हो गए. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़प में जमकर पथराव हुआ और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई. हालात इतने बेकाबू हो गए कि अर्धसैनिक बल (CISF) को स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी. कहासुनी के बाद भड़की हिंसा की आग
जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर करीब 35 से 40 हजार मजदूर काम करते हैं. सोमवार सुबह 9:30 बजे मजदूर अपनी मांगों को लेकर गेट नंबर 4 पर धरने पर बैठे थे. दोपहर करीब 1 बजे सुरक्षा में तैनात CISF कर्मियों और मजदूरों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया.
लाठी-डंडों से हमला : मजदूर लाठी-डंडों से लैस होकर आगे बढ़े और सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया.
गाड़ियों को बनाया निशाना : उग्र भीड़ ने निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के पास खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की और कई गाड़ियों को पलट दिया.
हवाई फायरिंग : आत्मरक्षा और भीड़ को खदेड़ने के लिए CISF अधिकारियों ने 2 राउंड हवाई फायर किए.
जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में खौफनाक मंजर देखा जा सकता है, जहाँ मजदूर पुलिसकर्मियों को दौड़ा रहे हैं और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं. इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों के सिर में चोटें आई हैं. करीब डेढ़ घंटे तक रिफाइनरी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
मजदूरों का दर्द: "8 घंटे की जगह 12 घंटे काम, फिर भी व्यवहार सही नहीं"मजदूरों ने अपनी हड़ताल के पीछे ठेकेदारों और अधिकारियों के दुर्व्यवहार को मुख्य कारण बताया है. उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
ड्यूटी टाइम और ओवर टाइम: मजदूरों का आरोप है कि उनसे 8 की जगह 12 घंटे काम लिया जा रहा है, लेकिन अतिरिक्त समय का वेतन (Overtime) नहीं दिया जाता.
बुनियादी सुविधाओं का अभाव : कार्यस्थल पर शौचालय और कैंटीन की व्यवस्था नहीं है, जिससे भोजन और अन्य जरूरतों के लिए उन्हें कई मीटर दूर पैदल जाना पड़ता है.
वेतन में कटौती : PF और ESI के नाम पर सैलरी से बेहिसाब कटौती की जा रही है, जिसका कोई पारदर्शी हिसाब नहीं मिलता.
गाली-गलौज : गेट पास और अन्य जांच के नाम पर सुरक्षा बल और ठेकेदार उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी करते हैं.
प्रशासन का पक्ष : अब शांति का दावा
DSP सिटी राजबीर ने बताया कि मजदूरों की मांगों को लेकर माहौल गरमाया था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस ने कानून-व्यवस्था संभाल ली है और मजदूरों के प्रतिनिधियों से लिखित मांग पत्र लेकर चर्चा की जा रही है. फिलहाल रिफाइनरी में शांति बनी हुई है.

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement