BJP wants to divert public attention by giving religious angle to every issue: Ajay Singh Chautala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हर मुद्दे को धार्मिक एंगल देकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है भाजपा: अजय सिंह चौटाला

khaskhabar.com: शनिवार, 14 नवम्बर 2026 7:54 PM (IST)
हर मुद्दे को धार्मिक एंगल देकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है भाजपा: अजय सिंह चौटाला
खास खबर। पानीपत जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज भाजपा सरकार की खराब नीतियों से हर वर्ग प्रताड़ित है। ऐसे में देश और प्रदेश की जनता बदलाव लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जेजेपी छह दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस पर महेंद्रगढ़ में जन-जन अधिकार रैली करेगी।
डॉ चौटाला ने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि छह दिसंबर को सभी महेंद्रगढ़ में एकजुट होकर भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़े ताकि प्रदेश में बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सके। शनिवार को जेजेपी प्रमुख डॉ अजय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा व अन्य वरिष्ठ जेजेपी नेता पानीपत और सोनीपत में रैली की तैयारियों के लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से रूबरू थे।
बैठक उपरांत पत्रकारों से रूबरू होते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग की नाकामी और भाजपा सरकार की मंशा जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि सवाल चुनाव आयोग से पूछा जाता है और जवाब भाजपा देती है। चुनाव आयोग स्वतंत्रता से नहीं बल्कि बीजेपी के दिशा-निर्देश पर देश के नागरिकों के अधिकारों का हनन करने में जुटी हुई है।
दुष्यंत ने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा हर मुद्दे को धार्मिक रंग देकर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। अब वोट डकैती के मुद्दे को भी भाजपा सरकार धार्मिक एंगल दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की फसल बिक्री जैसे संवेदनशील मुद्दों को भुला कर कट्टरता को बढ़ावा दिया है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत ने ये भी कहा कि मंडियों में किसानों की फसलों के खरीददार नहीं मिल रहे है और मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के दौरों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान की खरीद के दौरान बड़ा घोटाला हुआ है और इस घोटाले को न केवल जेजेपी द्वारा उजागर किया जाएगा बल्कि सीबीआई जांच की मांग के साथ प्रधानमंत्री तक भी इस मुद्दे को पहुंचाया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीजेपी और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा फ्रेंडली मैच खेल रहे है। प्रदेश की जनता के मुद्दों को उठाने की बजाय हुड्डा पिता-पुत्र दिल्ली दरबार में हाजरी लगाने में मस्त हैं। इस अवसर पर जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि जेजेपी प्रमुखता के साथ जनता के प्रत्येक मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को महेंद्रगढ़ रैली की तैयारियों में जी-जान से जुट जाने को कहा। बृज शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से जेजेपी महेंद्रगढ़ की पावन धरा पर ऐतिहासिक रैली करेगी, जिसका देश व प्रदेश में बड़ा राजनीतिक संदेश जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement