भरतपुर। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद नैक की तीन सदस्यीय टीम भरतपुर संभाग के श्री अग्रसेन महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय का तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर रिपोर्ट यूजीसी को प्रस्तुत करेगी।
अग्रसेन महिला पीजी कॉलेज के मंत्री आलोक सिंघल, ट्रस्टी एवं शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक वासुदेव गुप्ता, कॉर्डीनेटर डा. गंभीरसिंह ने कॉलेज में तीन दिवसीय दौरे पर आने वाली यूजीसी की नैक की टीम के आगमन की तैयारियों के बारे में शनिवार की शाम को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक यह टीम महाविद्यालय का निरीक्षण करेगी जिसमें महाविद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, सह शैक्षिक गतिविधियां उपलब्ध सुविधाओं के निरीक्षण के साथ-साथ अभिभावकों के साथ बैठक एवं कॉलेज की पूर्व छात्राओं के साथ संवाद करेगी। इस निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता के आधार पर कॉलेज को ग्रेड प्रदान करना एवं यूजीसी संबंधित कॉलेज को शैक्षिक गुणवत्ता का स्तर प्रदान करने के साथ-साथ आर्थिक अनुदान देना भी है। उन्होंने बताया कि संभाग के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर के निजी कॉलेजों में यह पहला कॉलेज होगा जिसका नैक टीम अवलोकन करेगी। इस अवसर पर कॉलेज उपाचार्य डा. सीआर गोयल, ट्रस्टी भारत अग्रवाल, रूपेश बंसल, डा. विनयकुमार भी पत्रकार वार्ता में मौजूद थे।