Musical Evening, by Sargam Dedicated to October-Born Maestros-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अक्टूबर के सुर साधकों को समर्पित रही सरगम की संगीतमय संध्या

khaskhabar.com: सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 5:15 PM (IST)
अक्टूबर के सुर साधकों को समर्पित रही सरगम की संगीतमय संध्या
महान गायकों के सदाबहार नगमों से गूंजा टोंक, सुरों की महफिल में श्रोताओं ने बांधा समां टोंक। शहर के प्रतिष्ठित सरगम म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में अम्बेडकर कॉलोनी में आयोजित संगीतमय संध्या सुर, ताल और संवेदनाओं का अनुपम संगम बन गई। अक्टूबर माह में जन्मे तथा दिवंगत हो चुके संगीत जगत के महान कलाकारों को समर्पित इस आयोजन में सदाबहार गीतों के माध्यम से सुरों के उन साधकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिनकी आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करती है। कार्यक्रम में संगीत की दो पीढ़ियों के दिग्गज कलाकारों को सुरमयी नमन किया गया। संगीत जगत के महान संगीतकार एस.डी. बर्मन, शास्त्रीय संगीत की गहरी समझ और बेमिसाल गायकी के धनी मन्ना डे, सदाबहार गायक किशोर कुमार तथा गजल सम्राट जगजीत सिंह के अमर नगमों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, 90 के दशक में अपनी सुरीली आवाज से संगीत जगत में विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले कुमार सानू, अभिजीत भट्टाचार्य और सुर साम्राज्ञी अनुराधा पौडवाल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके लोकप्रिय गीतों के जरिए ‘सुर सम्मान’ अर्पित किया गया।महान गायकों की याद में सजी इस महफिल में एक ओर स्वर्णिम संगीत युग की मधुर स्मृतियां जीवंत हुईं, तो दूसरी ओर गीत- संगीत के प्रति नई पीढ़ी का अनुराग भी देखने को मिला। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं की तालियों की गूंज ने गायकों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन जितेन्द्र टाटावत ने किया। देर रात तक चली इस संगीतमय संध्या में सरगम ग्रुप के मनोज जैन, अमित लोदी, खेमशंकर, डॉ. मनीष लोदी, मुजफ्फर हुसैन, प्रहलाद मधुकर, राजकुमार महावर, असलम सैफी, एस.पी. दीक्षित, दिनेश बुन्देल, सोनू देवी, विनय सोनी, प्रेम प्रकाश, समीर सोनी, माया सैनी, अंजलि बेनीवाल, ईश्वर सिंह, जावेद अली, कन्हैया लाल प्रजापत एवं धर्मेश मधुकर सहित अन्य गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत की विरासत को सहेजने की सार्थक पहल
सरगम म्यूजिकल ग्रुप की यह पहल केवल एक संगीतमय आयोजन तक सीमित नहीं, बल्कि महान संगीत साधकों की विरासत को संजोने और स्थानीय गायक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समूह की उल्लेखनीय सांस्कृतिक भूमिका को रेखांकित करता है। सुरों के प्रति समर्पण, संगीत के प्रति अनुराग और कलाकारों के सम्मान से सजी यह संध्या टोंक की सांस्कृतिक गतिविधियों में एक यादगार अध्याय बन गई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement