फरीदाबाद। हरियाणा
के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गुडगांव और फरीदाबाद में यातायात
व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक इंजीनियरिंग की आवश्यकता है। इन शहरों के
ट्रैफिक सिस्टम को बेहतर करने के लिए विशेषज्ञों की ओर से सुझाव या परियोजना तैयार
होगी उन पर काम करने के लिए हरियाणा सरकार तैयार है। उन्होंने यह बात फरीदाबाद के
कॉलेज आॅफ ट्रैफिक मैनेजमेंट में गुडगांव-फरीदाबाद में यातायात प्रबंधन के लिए
क्षमता निर्माण विषय पर रविवार को आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
कार्यशाला में ट्रैफिक इंजीनियरिंग विषय को लेकर विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने विचार
रखें और जटिल होती यातायात की समस्या के निदान को लेकर अपने सुझाव भी दिए। मनोहर
लाल ने कहा कि गुडगांव और फरीदाबाद ने तेजी के साथ विकास किया है लेकिन विकास के
साथ-साथ यातायात की समस्या भी गंभीर हो चली है। यातायात की विकराल होती समस्या के
समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करनी होगी।
गुडगांव में यातायात जाम की वजह पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार
के दस वर्षों के कार्यकाल में आवासीय व अन्य योजनाओं के लिए 1100 लाइसेंस जारी किए गए लेकिन यह लाइसेंस जारी
करते समय ट्रैफिक व अन्य मूलभूत सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा गया। जिसके चलते आज
लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यशाला में विभिन्न
विशेषज्ञों की ओर से रखे गए ट्रैफिक मैनेजमेंट सेंटर विकसित करने, अतिरिक्त श्रम शक्ति लगाने आदि जैसे सुझावों
का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा में पुलिस में सात हजार सिपाहियों की भर्ती
प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरी व दक्षिणी पेरिफेरल
सडकों (एनपीआर व एसपीआर) के निर्माण से गुडगांव व फरीदाबाद पर यातायात का दबाव कम
हो सकेगा। उन्होंने बताया कि गुडगांव के इफ्को चौक, सिग्नेचर टावर व राजीव चौक पर भी फ्लाई ओवर का निर्माण
होने से व्यवस्था में सुधार आएगा।
कार्यशाला में कॉलेज
आॅफ ट्रैफिक मैनेजमेंट के निदेशक रोहित बलूजा ने भी गुडगांव-फरीदाबाद के
यातायात को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया।