Congress protests in Kaithal over vote theft, crop compensation, mineral theft, and law and order violations by the BJP.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 8:25 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भाजपा द्वारा वोट चोरी, फसल की कीमत-मुआवजा, खनिज चोरी व कानून व्यवस्था की चोरी को लेकर कैथल में कांग्रेस का हल्लाबोल

khaskhabar.com: गुरुवार, 20 नवम्बर 2025 3:54 PM (IST)
भाजपा द्वारा वोट चोरी, फसल की कीमत-मुआवजा, खनिज चोरी व कानून व्यवस्था की चोरी को लेकर कैथल में कांग्रेस का हल्लाबोल
कैथल। कैथल के जवाहर पार्क से नवग्रह चौंक तक कांग्रेस पार्टी ने वोट चोरी को लेकर धरना व विरोध प्रदर्शन किया। जवाहर पार्क से नवग्रह चौंक तक प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम साहब को ज्ञापन सौंपा। इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह द्वारा व विशेष उपस्थिति में राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला रहे। इसके साथ ही प्रदर्शन में हरियाणा सह प्रभारी प्रफुल्ल गुड़दे, जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला, गुहला विधायक देवेन्द्र हंस, पुंडरी विधायक विकास सहारण व पुंडरी से कांग्रेस प्रत्याशी सुल्तान जड़ौला भी शामिल रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज मैं कैथल की इस पवित्र धरती से पूरे देश को बताना चाहता हूँ कि हरियाणा में वोट चोरी हुई है, बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है। हरियाणा के हर कोने में भाजपा द्वारा हर जगह वोट चोरी का एक ही खेल हुआ। लाखों-लाखों फर्जी वोट डाले गए, असली वोटरों के नाम काटे गए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सही कहा कि हरियाणा में हर 8 में से 1 वोट फर्जी था। 25 लाख वोटों की चोरी हुई है। ये सिर्फ कांग्रेस की हार नहीं है, ये जनता के जनादेश की हत्या है। ये संविधान पर हमला है, लोकतंत्र पर हमला है। इसलिए आज हम सब संकल्प लें कि भाजपा व नरेन्द्र मोदी सरकार यानि वोट चोरों को बेनकाब करेंगे, वोट चोरों को सत्ता से बाहर करेंगे।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर चौतरफा हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में पिछले एक साल में चोरी का खेल चल रहा है और खुद मुख्यमंत्री के संरक्षण में प्रदेश को लूटा जा रहा है।
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने वोट की चोरी तो की है, बल्कि इसके साथ भाजपा और नायब सैनी ने मिलकर हरियाणा में फसल की एमएसपी व मुआवजा चोरी, खनिज की चोरी और कानून व्यवस्था की चोरी भी की है।
उन्होंने कहा कि गेहूं, धान, सरसों, कपास सबकी एमएसपी पर खरीद का वादा किया था, लेकिन किसानों को भाव नहीं मिल रहा। बाढ़ और बारिश से हुई तबाही का मुआवजा भी डकार लिया गया। गिरदावरी में फर्जीवाड़ा, मुआवजे में भारी कटौती यह सीधे-सीधे किसान की जेब काटने का काम है।
उन्होंने खनिज की चोरी का जिक्र करते हुए कहा कि यमुनानगर, महेंद्रगढ़, नारनौल से लेकर फरीदाबाद तक अवैध माइनिंग का बोलबाला है। भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री नायब सैनी की नाक के नीचे रात-दिन ट्रकों में पत्थर, रेत, बजरी लूटी जा रही है। हजारों करोड़ का राजस्व डूबा, लेकिन सरकार माफिया को बचाने में लगी है।
कानून व्यवस्था की चोरी का आरोप लगाते हुए सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, महिलाएँ सुरक्षित नहीं, गुंडागर्दी चरम पर है। पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। कानून का राज नहीं, गैंगस्टरों का राज चल रहा है।
सुरजेवाला ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि हरियाणा की जनता अब जाग चुकी है। जिस तरह भाजपा ने वोट चुराए, उसी तरह जनता अब इनकी कुर्सी चुराएगी। आने वाला समय भाजपा का हिसाब चुकता करने का समय है।
प्रदेश सह प्रभारी प्रफुल्ल गुड़दे ने कहा कि जब देश में अंग्रेजों का शासन था तो कांग्रेस व भारतीयों ने साथ मिलकर देश को आजाद करवाने का काम किया। आज उन्हीं अंग्रेजों की तरह केंद्र व हरियाणा में विराजमान तानाशाही भाजपा सरकार को भी सत्ता से बाहर करने का समय आ चुका है। वोट चोरी करके भाजपा व नरेन्द्र मोदी ने देश व प्रदेश की जनता के विश्वास के साथ छल किया है।
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने मिलकर देश की आजादी के बाद संविधान में एक मजबूत लोकतंत्र को लेकर संविधान में हर नागरिक को वोट के अधिकार को सुनिश्चित किया। हर व्यक्ति अपने मत के माध्यम से एक मजबूत सरकार सुनिश्चित करता था लेकिन आज भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतंत्र पर हमला बोल रखा है, वोट की चोरी करके देश की आत्मा को कुरेदने का काम किया है। ब्राजील से फर्जी वोट बनाकर हरियाणा के जनादेश का अपमान किया है। अब भाजपा सरकार के वोट चोरी की पोल खुल चुकी है।
गुहला विधायक देवेन्द्र हंस ने कहा कि भाजपा सरकार को हरियाणा की जनता ने दुत्कार दिया है लेकिन वोट चोरी करके हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने में कामयाब हो गए। जनता भाजपा के इस वोट चोरी के कुशासन का अंत करेगी।
कलायत विधायक विकास सहारण ने कहा कि अगर हरियाणा में भाजपा सरकार वोट चोरी नहीं करती तो हरियाणा में कांग्रेस के 10 सांसद और 70-80 विधायक कांग्रेस पार्टी के बनते। आगामी चुनावों में हरियाणा की जनता भाजपा के इस दोगले चेहरे का पर्दाफाश करेगी।
पुंडरी से कांग्रेस प्रत्याशी सुल्तान जड़ौला ने कहा कि वोट चोरी के इस अभियान को हरियाणा के घर घर तक लेकर जाएंगे। भाजपा के वोट चोरी की इस सरकार को बेनकाब करेगी।
जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कहा कि अंग्रेजों के जैसा रवैया करने वाली नरेन्द्र मोदी व भाजपा सरकार को अब सत्ता से बाहर करने का समय आ गया है। जनता जानती है कि किस तरह से भाजपा व चुनाव आयोग ने मिलकर वोट चोरी से सत्ता हासिल की है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के वोट चोरी की पोल खोलकर रख दी है, जिसमें चुनाव आयोग की संलिप्तता भी शामिल है। इस विरोध प्रदर्शन में कैथल जिला कॉर्डिनेटर भूपेंद्र लाठर, कांग्रेस सेवा दल जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह, सेवा दल उपाध्यक्ष बलदेव कश्यप, कांग्रेस सेवा दल हलकाध्यक्ष जगत सिंह पूनिया, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशीला शर्मा, स्टेट लीगल डिपार्टमेंट कॉर्डिनेटर एडवोकेट पी एल भारद्वाज, कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट जिलाध्यक्ष मुकेश राणा एडवोकेट, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रोड, जाट धर्मशाला कैथल प्रधान रोशन पाड़ला, जाट शिक्षण संस्थान प्रधान राजकुमार बेनीवाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कविश मिड्डा, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज़ोरा सिंह सिनंद, एससी सैल जिलाध्यक्ष लख्मी पबनावा, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रामनिवास मित्तल, वाइस चेयरमैन सुरेन्द्र रांझा एडवोकेट, ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन जयपाल शर्मा, नजर दयोहरा, सतबीर चहल, सोनू सेठ, मिंटू कुर्रा, रणधीर राणा, बलविंद्र सरपंच जसवंती, विनोद चहल, हाकम सीड़ा, फूला बाजीगर, दर्शन खनौदा, बृजपाल राणा, रामपाल बरसाना, युवा हलकाध्यक्ष अरुण राणा, महेश गोगिया, विजय गर्ग पार्षद, प्रवीण नैन, शमशेर फौजी पार्षद, दिनेश शर्मा पार्षद, बलजीत इंदल पार्षद, अनिल खुरानिया, राजपाल नौच, गुरदेव मलिक खुराना, रणबीर गुर्जर, मोहन शर्मा, राजेश गोरा, वीरेंद्र मोर, ऋषि गढ़ी, पवन थरेजा, बलवान कुराड, अशोक जैलदार, बिट्टू जांगड़ा, ओमप्रकाश सैन, प्रेमी श्रवण, सतीश मलिक, काला कठवाड़, धर्मवीर सैनी, सुशील शर्मा, कर्मबीर शर्मा, जयभगवान उझाना, साहब सिंह विर्क सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement