जयपुर । मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार को 8 सिविल लाइन्स पर जयपुर संभाग के लोगों की परिवेदनाओं, शिकायतों और ज्ञापनों पर सुनवाई की। उन्होंने पूरी संवेदनशीलता और तन्मयता के साथ अलवर, दौसा, जयपुर, झुन्झुनूं एवं सीकर जिलों के आमजन के अभाव अभियोग सुने, अनेक समस्याओं पर ज्ञापन लिए और अधिकारियों को उनके समाधान के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। जनसुनवाई में लोग उम्मीद के साथ आए और अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण के आश्वासन से विश्वास के साथ लौटे। सुनवाई में करीब 2 हजार लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी परिवेदनाएं बताई। इस दौरान 900 ज्ञापन प्राप्त हुए। श्रीमती राजे ने करीब तीन घंटे तक लोगों के बीच खडे़ होकर एक-एक परिवादी की शिकायत को सुना।