Chhath Mahaparva concludes with offerings to the rising sun in UP and MP, devotees break 36-hour fast-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यूपी-एमपी में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, व्रतियों ने तोड़ा 36 घंटे का निर्जला व्रत

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 11:05 AM (IST)
यूपी-एमपी में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, व्रतियों ने तोड़ा 36 घंटे का निर्जला व्रत
अयोध्या । उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में छठ पूजा के आखिरी दिन खास उत्साह देखने को मिला। अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, रायबरेली, गाजियाबाद, नोएडा और देवास में सोमवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के साथ छठ महापर्व का समापन हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। अयोध्या में छठ पूजा के अंतिम दिन सरयू घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सजकर बांस की टोकरी में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ सूर्य देव की पूजा की। महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। प्रयागराज में छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन व्रत रखने वाली महिलाएं अपने परिवार के साथ यमुना घाटों पर पहुंचीं। पारंपरिक गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान किया। कमर तक पानी में खड़े होकर व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
गोरखपुर में छठ पूजा के आखिरी दिन श्रद्धालुओं ने सूरजकुंड धाम में सूर्य को अर्घ्य दिया। एक श्रद्धालु ने बताया कि छठ के दौरान लोग तीन दिन का व्रत रखते हैं। यह बहुत ही कठिन व्रत है, जिसमें साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार प्रसाद और अन्य चीजें अर्पित करते हैं। कई लोग प्रसाद मांगते भी हैं, इसलिए जितना ज्यादा प्रसाद लाया जाए, उतना अच्छा माना जाता है।
उन्होंने कहा कि यह आस्था का बहुत बड़ा त्योहार है। यहां डूबते और उगते, दोनों तरह के सूर्य की पूजा की जाती है। यह व्रत हमें सिखाता है कि जो भी अस्त होता है, उसका उदय होना निश्चित है। इसलिए हमें भगवान में आस्था रखकर अपना कर्म करते रहना चाहिए।
वाराणसी में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का व्रत पूरा किया। शहर के 84 घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की पैनी नजर बनी रही। घाटों पर ड्रोन से निगरानी की जा रही थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। सुरक्षा के लिए पुलिस और गोताखोरों की तैनाती भी की गई थी।
रायबरेली में एसपी रवि कुमार ने बताया कि जिले में सभी छठ व्रती विभिन्न घाटों पर छठ पर्व मना रहे हैं, जिसमें राजघाट मुख्य स्थान है। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला छठ व्रतियों की संख्या अधिक होती है, इसलिए महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। यातायात के लिए डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
गाजियाबाद में टीलामोड़ थाना क्षेत्र के कोयल एन्क्लेव स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, नोएडा स्टेडियम में चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। दोनों जगहों पर प्रशासन ने साफ-सफाई और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की थी।
मध्य प्रदेश के देवास में सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। उन्होंने परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी आयु और सुख-शांति की कामना की।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement