It would be surprising if the BJP even wins 50 seats, SP MP Awadhesh Prasad makes a bold claim.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'भाजपा को 50 सीटें भी मिल जाएं तो हैरानी होगी', सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा

khaskhabar.com: शनिवार, 14 नवम्बर 2026 1:46 PM (IST)
'भाजपा को 50 सीटें भी मिल जाएं तो हैरानी होगी', सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा
अयोध्या । अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने एसआईआर, केशव मौर्य के बयान, राहुल गांधी के फोन-टैपिंग के आरोपों और भाजपा के अखिलेश यादव की तुलना 'जिन्ना' से करने पर प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव के 'चुनाव की लूट' वाले बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "हमारे नेता की ओर से कही गई बात पूरी तरह से सच है। उनके विचारों से मैं खुद को संबद्ध करते हुए कहता हूं कि भाजपा का यही चेहरा है और पिछले दिनों में देखा गया कि भाजपा वोट के अधिकार को खत्म करना चाहती है, जिसके लिए देश में लगातार संघर्ष चल रहा है। हमारे नेता अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी इसको बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही हैं।" उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद के बयान '100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है' को लेकर अवधेश प्रसाद ने कहा, "केशव प्रसाद की जमीन नहीं है, वे बुरी तरह से अपने क्षेत्र में चुनाव हार चुके हैं। पार्टी नेताओं की कृपा से उनको मंत्रिमंडल में जगह दी गई है और उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। पार्टी और सरकार में उनका सम्मान नहीं है। उनको ठीक से कुर्सी भी नहीं मिलती।"
राहुल गांधी के फोन-टैपिंग के आरोपों पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "ऐसा संभव है, भाजपा कुछ भी कर सकती है। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।"
भाजपा की ओर से अखिलेश यादव के 'जिन्ना' कहने वाले बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता और जनता का उनके प्रति लगाव देखकर भाजपा घबरा गई है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आता जाएगा, भाजपा इतना घबरा जाएगी कि उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। आने वाले दिनों में 2027 के चुनाव में भाजपा को अगर 50 सीटें भी मिल जाएं तो आश्चर्य की बात होगी। अखिलेश यादव जैसी लोकप्रियता देश में किसी और नेता की नहीं है। भाजपा की सरकार और नेताओं से प्रदेश के मतदाताओं का भरोसा समाप्त हो चुका है।"
समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के बयान पर कहा, "केशव मौर्य को '100 में 60 हमारा' वाला बयान नहीं देना चाहिए, क्योंकि वे आरक्षण खाने वालों में शामिल हैं। भाजपा को अब जनता वोट नहीं देने वाली है। जिन लोगों ने धोखा दिया है, जनता उसको जवाब देगी।"
फखरुल हसन चांद ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, "भाजपा के नेताओं की ओर से केवल हिंदू-मुसलमान किया जाता है। लोगों को बांटने की बात करते हैं। जब भी चुनाव आता है, भाजपा के नेताओं का चश्मा धार्मिक हो जाता है। सपा का मानना है कि जो जिन्ना की बात कर रहे हैं, उनके ही सबसे बड़े नेता जिन्ना की मजार पर जाकर आंसू बहा रहे थे। सपा का कहना है कि भाजपा को जिन्ना पर सवाल करने का भी कोई अधिकार नहीं है।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement