भीलवाड़ा। सुभाषनगर पुलिस की गिरफ्त में आए चोरों से पूछताछ में वाहन चोरी में लिप्त अन्य चोरों के खुलासे हो रहे हैं। इसी के तहत शुक्रवार को दो और युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की 11 बाइकें बरामद की है।
सुभाषनगर सब इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह राजावत ने कहा कि चोरों की लिंक सूचना के आधार पर शुक्रवार को गायत्री आश्रम से बड़ा गुड्डा (भिणाय) निवासी घीसु पुत्र लादू गुर्जर को तथा बालाबाड़ी चौराहे से कानिया निवासी शराफत पुत्र कुतुबुद्दीन रंगरेज को गिरफ्तार किया गया। आरोपी घीसू के कब्जे से एक साल पूर्व बस स्टैंड से चोरी गई बाइक, जबकि शराफत से अजमेर रोड से मार्च माह में चोरी हुई बाइक बरामद की गई। साथ ही शराफत की सूचना पर रामगढ़ चौराहे पर स्थित उसकी परचूनी दुकान से चोरी की 9 और बाइकें बरामद की गईं। उनसे पूछताछ में सामने आया कि घीसू बाइक चोरी कर शराफत को बेच रहा था। वहीं कुछ बाइकें शराफत ने भी चुराई हैं।