Spandan Campaign : Ensuring Prisoners Are Not Deprived of Medical Care Due to Lack of Police Escort-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

स्पंदन अभियान : पुलिस जाप्ते के अभाव में भी बंदी नहीं रहेंगे उपचार से वंचित जेलों में बंदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 1:56 PM (IST)
स्पंदन अभियान : पुलिस जाप्ते के अभाव में भी बंदी नहीं रहेंगे उपचार से वंचित जेलों में बंदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल
भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर की ओर से जेलों में निरुद्ध बंदियों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्पंदन अभियान शुरू किया गया है। अभियान की मूल भावना Health, Hope, Humanity अर्थात स्वास्थ्य, आशा और मानवता पर आधारित है। जेलों में निरुद्ध कई बंदियों को गंभीर बीमारियों, विशेष जांच अथवा विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार की आवश्यकता होती है। ऐसी स्थिति में उन्हें जेल से अस्पताल ले जाने के लिए पुलिस जाप्ते की उपलब्धता कई बार चुनौती बन जाती है। पुलिस बल की व्यस्तता अथवा जाप्ते के अभाव में आवश्यक जांच एवं उपचार में देरी की आशंका रहती है। इसी समस्या के समाधान के लिए रालसा ने स्पंदन अभियान की पहल की है। अभियान के तहत बंदियों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अंतर्गत राजकीय चिकित्सालयों की मेडिकल टीमें समय-समय पर जेलों में पहुंचकर बंदियों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। इन टीमों के साथ अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे एवं नेत्र परीक्षण जैसी आवश्यक जांचों के लिए पोर्टेबल उपकरणों की सुविधा भी उपलब्ध कराने की परिकल्पना की गई है। इससे सामान्य एवं आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा जांच के लिए बंदियों को बार-बार जेल से बाहर ले जाने की जरूरत कम होगी।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी। प्राधिकरण द्वारा जेल प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि प्रत्येक जरूरतमंद बंदी तक समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंच सके।
इसी क्रम में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के कार्यालय में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पंदन अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बंदियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक चर्चा की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, जेल अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह फौजदार, डॉ. अभिषेक शर्मा एवं डॉ. अंकित शर्मा उपस्थित रहे।
स्पंदन अभियान केवल चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस मानवीय विचार को भी मजबूत करता है कि किसी व्यक्ति के जेल में निरुद्ध होने मात्र से उसके स्वास्थ्य, सम्मान एवं मानवीय गरिमा के अधिकार समाप्त नहीं हो जाते। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार में सम्मानजनक जीवन और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच का भी महत्वपूर्ण स्थान है।
इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि न्याय व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराध के लिए दंड सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के मानवीय अधिकारों की रक्षा करना भी है। स्पंदन अभियान इसी संवेदनशील सोच का प्रतीक है, जिसके तहत पुलिस जाप्ते की अनुपलब्धता के कारण किसी भी बंदी का आवश्यक उपचार बाधित न हो तथा प्रत्येक जरूरतमंद बंदी को समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement