Bansur Police Operation Arms Clean, AM-8584 Gang Busted Bansur, Kotputli Behror Crime News-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बानसूर पुलिस की ऑपरेशन आर्म्स क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई : कुख्यात AM-8584 गैंग का सफाया

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 4:47 PM (IST)
बानसूर पुलिस की ऑपरेशन आर्म्स क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई : कुख्यात AM-8584 गैंग का सफाया
सरगना सहित 1.25 लाख के सात इनामी बदमाश गिरफ्तार; 14 अवैध हथियार व 15 जिंदा कारतूस बरामद बानसूर (कोटपूतली-बहरोड़)। अवैध हथियारों और इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आर्म्स क्लीन' के तहत बानसूर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात 'AM-8584' गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 25 हजार रुपये के सात इनामी बदमाशों (एक नाबालिग निरुद्ध सहित) को दबोचा है और उनके कब्जे से 14 अवैध हथियार व 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के मार्गदर्शन तथा बानसूर वृत्ताधिकारी सुहासी जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश मीणा के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुरानी रंजिश में जानलेवा हमले से जुड़ा था मामला, सिलसिलेवार दबिश में पकड़े गए बदमाश
8 नवंबर को हुई थी हमले की वारदात: पुलिस के अनुसार, बीते 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे परिवादी कृष्ण कुमार अपने दोस्तों के साथ सिकंदरेरा मंदिर, बानसूर के पास से लौट रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते अमन मीणा, रितिक सुरेला, निखिल वाल्मीकि, विकास मीणा, तेजपाल ठाकुर सहित 5-6 अन्य बदमाशों ने लाठियों व हथियारों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे कृष्ण कुमार के हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इस संबंध में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
14 नवंबर को दो इनामी बदमाश हत्थे चढ़े: कार्रवाई की कड़ी में 14 नवंबर 2026 को डीएसटी टीम के कांस्टेबल संजय धनखड़ की सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार ने गुप्ती वाले हनुमान मंदिर, रतनपुरा के पास से 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रितिक (19) और विकास मीणा (20) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो देशी पिस्टल (32 बोर), एक देशी रिवॉल्वर, दो देशी कट्टे (315 बोर), एक देशी कट्टा (12 बोर) और 7 जिंदा कारतूस जब्त कर आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया।
15 नवंबर को गैंग का मुख्य सरगना अमन मीणा गिरफ्तार: अगले ही दिन 15 नवंबर 2026 को कांस्टेबल लखनसिंह की सूचना पर उपनिरीक्षक राजेश मीणा ने दांतली पहाड़ी, अलवर रोड (नदी क्षेत्र) के पास घेराबंदी कर गैंग के मुख्य सरगना व 25 हजार रुपये के इनामी अमन मीणा (22) को धर दबोचा। उसके बैग की तलाशी में 8 अवैध हथियार (दो देशी कट्टे 12 बोर, पांच देशी कट्टे 315 बोर, एक देशी पिस्टल मय मैगजीन), एक अतिरिक्त मैगजीन व 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
अनुसंधान में चार अन्य आरोपी भी पकड़े गए, कुल 14 अवैध हथियार जब्त
बरामद हथियारों का ब्योरा: गहन अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्रकरण में वांछित चार अन्य आरोपियों— तेजपाल सिंह (19), संजय कुमार (28), निखिल वाल्मीकि (19) और एक नाबालिग को भी पकड़ा। पुलिस ने सभी आरोपियों के कब्जे से कुल 10 देशी कट्टे, 3 देशी पिस्टल, 1 देशी रिवॉल्वर, 2 मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस और दो कपड़े के बैग बरामद किए हैं।
इस पुलिस टीम की रही अहम भूमिका: इस सफल कार्रवाई में बानसूर थानाधिकारी राजेश मीणा के साथ उपनिरीक्षक सीताराम, अंकित सामरिया, एएसआई राजेश, अमित कुमार, प्रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, चेतन तथा कांस्टेबल लखन सिंह, सचिन मीणा, राकेश कुमार, चंद्रप्रकाश, चालक पुष्किन, संजय धनखड़, गोपेश राम, रितेश, मनोज कुमार, प्रवीण कुमार, पुष्पेंद्र व अंकित शामिल रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement